Varanasiशासन प्रशासन

पुलिस कमिश्नर की क्राइम मीटिंग के बाद बड़ा फेरबदल, वाराणसी के अकर्मण्य इंस्पेक्टर चौक और राजातालाब लाइन हाजिर 

सावन में चौक थाने की व्यवस्था से लेकर श्रेया हत्याकांड में लापरवाही तक पर नाराजगी, प्रदर्शन के आधार पर अधिकारियों की जिम्मेदारी तय करने के निर्देश

अजय त्रिपाठी, वाराणसी 

वाराणसी। पुलिस कमिश्नर मोहित अग्रवाल ने शनिवार रात हुई क्राइम मीटिंग में शहर और ग्रामीण क्षेत्रों की कानून-व्यवस्था की समीक्षा करते हुए अधिकारियों और थाना प्रभारियों को कड़ी फटकार लगाई। बैठक में पुलिसिंग में लापरवाही, अपराध की घटनाओं पर समय से कार्रवाई नहीं होने और थानों के कामकाज को लेकर सामने आई शिकायतों पर विस्तार से चर्चा हुई। समीक्षा के बाद पुलिस कमिश्नर ने कई अधिकारियों के कार्यक्षेत्र में बदलाव करते हुए कुछ थाना प्रभारियों को लाइन हाजिर करने के निर्देश दिए।

चौक थाने के प्रभारी पर कार्रवाई, पुरोहितों से कथित दुर्व्यवहार का मामला भी उठा

सावन के दौरान काशी विश्वनाथ मंदिर क्षेत्र से जुड़े चौक थाना की पुलिसिंग को लेकर पुलिस कमिश्नर ने नाराजगी जताई। चौक के तत्कालीन प्रभारी निरीक्षक दिलीप मिश्रा को कानून-व्यवस्था और कार्यशैली से जुड़ी शिकायतों के बाद लाइन हाजिर कर दिया गया। बैठक में थाने में पंडा-पुजारियों और पुरोहितों के साथ कथित तौर पर किए गए दुर्व्यवहार का मुद्दा भी उठा। पुलिस कमिश्नर ने इस तरह के व्यवहार को लेकर अधिकारियों को सख्त हिदायत दी।

श्रेया हत्याकांड में लापरवाही पर राजातालाब इंस्पेक्टर हटाए गए

क्राइम मीटिंग में राजातालाब थाना भी पुलिस कमिश्नर के निशाने पर रहा। छात्रा श्रेया हत्याकांड में पुलिस की भूमिका और कार्रवाई में कथित देरी को लेकर प्रभारी निरीक्षक दयाराम से जुड़े मामले की समीक्षा की गई। आरोप है कि घटना के बाद परिजनों की ओर से लगातार जानकारी और कार्रवाई की मांग के बावजूद अपेक्षित स्तर पर कदम नहीं उठाए गए। मामले में पुलिस कमिश्नर ने दयाराम को भी लाइन हाजिर करने का निर्देश दिया।

कई थाना प्रभारियों के कार्यक्षेत्र बदले, SOG-2 फिर से गठन

बैठक के बाद वाराणसी पुलिस में व्यापक स्तर पर फेरबदल किया गया। गैर जनपद स्थानांतरण के बाद राजीव सिंह को फूलपुर से रिलीव कर दिया गया। वहीं कई अन्य थाना प्रभारियों के कार्यक्षेत्र में भी बदलाव किया गया। इसके साथ ही पंकज सिंह चौहान को एसओजी-2 का प्रभारी बनाया गया है।

एसीपी स्तर पर भी हुआ बदलाव

क्राइम मीटिंग के दौरान एसीपी स्तर पर भी जिम्मेदारियों में परिवर्तन किया गया। अपूर्ण पांडे को एसीपी कैंट के पद से हटाकर एसीपी साइबर क्राइम की जिम्मेदारी दी गई। वहीं अवकाश से वापस लौटीं महिला एसीपी प्रज्ञा पाठक को एसीपी कैंट का प्रभार सौंपा गया। अधिकारियों को उनके प्रदर्शन और परिणाम के आधार पर आगे की जिम्मेदारी दिए जाने की बात कही गई।

‘लापरवाही बर्दाश्त नहीं होगी’, थानेदारों को साफ संदेश

पुलिस कमिश्नर ने बैठक में थाना प्रभारियों को स्पष्ट संदेश दिया कि वाराणसी में पुलिसिंग का मूल्यांकन अब काम के परिणाम के आधार पर किया जाएगा। उन्होंने अधिकारियों से अपराध नियंत्रण, शिकायतों के निस्तारण और कानून-व्यवस्था को लेकर सक्रिय रहने को कहा। साथ ही चेतावनी दी कि लापरवाही या निष्क्रियता सामने आने पर जिम्मेदार अधिकारियों के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी।

वरिष्ठ अधिकारी भी रहे मौजूद

क्राइम मीटिंग में अपर पुलिस आयुक्त कानून-व्यवस्था शिवहरी मीणा, अपर पुलिस आयुक्त अपराध आलोक प्रियदर्शी, डीसीपी गोमती नीतू कादयान, डीसीपी वरुणा प्रमोद कुमार और डीसीपी काशी गौरव बंसवाल समेत सभी एडीसीपी, एसीपी और थाना प्रभारी मौजूद रहे। बैठक में अपराध की स्थिति, लंबित मामलों और थाना स्तर पर पुलिसिंग की समीक्षा करते हुए अधिकारियों को बेहतर समन्वय और प्रभावी कार्रवाई के निर्देश दिए गए।

Related Articles

Back to top button