Varanasi: कुएं में युवक का शव मिलने से मचा हड़कंप, परिवार में पसरा मातम
हुकुलगंज अहिराना के पास कुएं में लटकता मिला 22 वर्षीय इरफान का शव, फोरेंसिक टीम ने जुटाए साक्ष्य; पुलिस जांच में जुटी

वीरेन्द्र पटेल, वाराणसी
वाराणसी। हुकुलगंज क्षेत्र के पिपरहवा घाट निवासी 22 वर्षीय इरफान शाह का शव बुधवार सुबह हुकुलगंज अहिराना के पास स्थित एक कुएं में मिला। घटना की जानकारी उस समय हुई, जब आसपास के लोग कुएं के पास पानी लेने पहुंचे। युवक का शव दिखाई देने के बाद इलाके में हड़कंप मच गया और सूचना मिलते ही परिजन भी मौके पर पहुंच गए। घटना के बाद परिवार में मातम का माहौल है।
जानकारी के अनुसार इरफान शाह, खुर्शीद शाह का पुत्र था और तीन भाइयों में सबसे बड़ा था। उसके दो छोटे भाई हैं। परिवार में तीन बहनें भी हैं, जिनमें दो की शादी हो चुकी है, जबकि सबसे छोटी बहन अभी अविवाहित है।
शादी के बाद एक साल की बेटी, पत्नी गर्भवती
परिजनों के मुताबिक इरफान की शादी नवंबर 2024 में हुई थी। उसकी करीब एक वर्षीय बेटी है, जबकि पत्नी गर्भवती हैं। बताया गया कि बाढ़ की स्थिति को देखते हुए पत्नी और बेटी को कुछ समय पहले मायके मुजफ्फरपुर, बिहार भेज दिया गया था।
इरफान परिवार की जिम्मेदारियों में भी सहयोग करता था। वह गोदौलिया क्षेत्र में रात के समय बाटी-चोखा की दुकान लगाता था और आमतौर पर भोर करीब 3 से 4 बजे के बीच घर लौटता था। दिन में वह रुपये देकर दुकान लगवाता था।
मंगलवार रात तक घर पर था युवक
परिजनों के अनुसार मंगलवार रात करीब 9:30 बजे तक इरफान घर पर मौजूद था। इसके बाद बुधवार सुबह उसका शव कुएं में मिलने की सूचना मिली। घटना की जानकारी मिलते ही परिवार के लोग मौके पर पहुंचे, जिसके बाद वहां लोगों की भीड़ जुट गई।
पुलिस और फोरेंसिक टीम ने की जांच
सूचना मिलने पर पांडेयपुर चौकी प्रभारी दिनेश सिंह पुलिस टीम के साथ घटनास्थल पर पहुंचे। पुलिस ने मौके का निरीक्षण करने के साथ फोरेंसिक टीम को भी बुलाया। टीम ने घटनास्थल से आवश्यक साक्ष्य जुटाए।
पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट और जांच में सामने आने वाले तथ्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।
मौत की वजह अभी स्पष्ट नहीं
युवक की मौत किन परिस्थितियों में हुई और कुएं तक वह कैसे पहुंचा, इसे लेकर अभी स्थिति स्पष्ट नहीं है। परिजनों की ओर से भी घटना के कारण को लेकर कोई स्पष्ट जानकारी सामने नहीं आई है। पुलिस सभी पहलुओं को ध्यान में रखते हुए मामले की जांच कर रही है।





One Comment