वाराणसी कमिश्नरेट में बड़ा फेरबदल, काशी जोन के कई चौकी प्रभारी इधर से उधर
11 पुलिसकर्मियों के कार्यक्षेत्र में बदलाव, कई चौकी प्रभारियों का हुआ स्थानांतरण और समायोजन

अजय त्रिपाठी, वाराणसी
वाराणसी। पुलिस कमिश्नरेट वाराणसी के काशी जोन में कानून-व्यवस्था को और बेहतर बनाने के लिए कई चौकी प्रभारियों के कार्यक्षेत्र में बदलाव किया गया है। जारी सूची के अनुसार कुल 11 पुलिसकर्मियों को इधर से उधर किया गया है। इनमें कई अधिकारियों को नई चौकी की जिम्मेदारी दी गई है, जबकि कुछ का समायोजन किया गया है और कुछ स्थानांतरण रिक्ति के सापेक्ष किए गए हैं।
सूची के मुताबिक उपनिरीक्षक प्रिंस तिवारी को चौकी प्रभारी अमियामण्डी, थाना कोतवाली से चौकी प्रभारी रमना, थाना लंका भेजा गया है। वहीं उपनिरीक्षक नितेश कुमार जायसवाल को थाना चेतगंज से चौकी प्रभारी अनियामण्डी, थाना कोतवाली की जिम्मेदारी दी गई है।
उपनिरीक्षक भृगुपति त्रिपाठी को चौकी प्रभारी नगर निगम, थाना सिगरा से चौकी प्रभारी सूजाबाद, थाना रामनगर भेजा गया है। उपनिरीक्षक शिवम मिश्रा को चौकी प्रभारी लल्लापुरा, थाना सिगरा से चौकी प्रभारी नगर निगम, थाना सिगरा की जिम्मेदारी सौंपी गई है।
सिगरा और दशाश्वमेध क्षेत्र में भी बदलाव
महिला उपनिरीक्षक प्रीति कुमारी को चौकी प्रभारी सप्तसागर, थाना कोतवाली से चौकी प्रभारी लल्लापुरा, थाना सिगरा भेजा गया है। वहीं उपनिरीक्षक रवि सिंह को चौकी प्रभारी शीतला घाट, थाना दशाश्वमेध से चौकी प्रभारी सप्तसागर, थाना कोतवाली भेजा गया है।
उपनिरीक्षक अभय गुप्ता को थाना सिगरा से चौकी प्रभारी शीतला घाट, थाना दशाश्वमेध की जिम्मेदारी दी गई है। इसके अलावा उपनिरीक्षक रणजीत श्रीवास्तव को चौकी प्रभारी दुर्गाकुंड, थाना भेलूपुर से थाना लंका भेजा गया है।
चेतगंज और भेलूपुर में भी नई तैनाती
उपनिरीक्षक संदीप सिंह को चौकी प्रभारी नाटीइमली, थाना चेतगंज से चौकी प्रभारी दुर्गाकुंड, थाना भेलूपुर भेजा गया है। उपनिरीक्षक वैभव कुमार शुक्ला को थाना चेतगंज से चौकी प्रभारी नाटीइमली, थाना चेतगंज की जिम्मेदारी दी गई है।
वहीं महिला उपनिरीक्षक निहारिका साहू को थाना लंका से थाना चेतगंज भेजा गया है। सूची में उनके स्थानांतरण को रिक्ति के सापेक्ष दर्शाया गया है।
कानून-व्यवस्था को मजबूत करने की कवायद
काशी जोन के महत्वपूर्ण और संवेदनशील इलाकों में चौकी प्रभारियों के बदलाव को पुलिस विभाग की प्रशासनिक कवायद के तौर पर देखा जा रहा है। नई जिम्मेदारियों के साथ अधिकारियों के सामने अपने-अपने क्षेत्रों में कानून-व्यवस्था बनाए रखने, अपराध नियंत्रण और पुलिसिंग को बेहतर करने की चुनौती होगी।




