चंदौली में 3.92 करोड़ का सोना बरामद, कार से ले जा रहे दो आरोपी गिरफ्तार
गियर बॉक्स के नीचे बने गुप्त बॉक्स में छिपाकर रखा था 2.565 किलो सोना, आयकर और राजस्व आसूचना विभाग की मौजूदगी में जांच

रंधा सिंह, चन्दौली
चंदौली। चंदौली पुलिस और स्वाट/SOG टीम ने संयुक्त कार्रवाई करते हुए बड़ी मात्रा में सोना बरामद करने का दावा किया है। पुलिस के मुताबिक, बिहार की ओर से दिल्ली जा रही KIA Carens कार से 2 किलो 565.720 ग्राम पीली धातु (सोना) बरामद की गई, जिसकी अनुमानित कीमत करीब 3 करोड़ 92 लाख रुपये बताई जा रही है। मामले में पुलिस ने दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है।
पुलिस के अनुसार, सदर कोतवाली पुलिस और प्रभारी स्वाट/SOG निरीक्षक राम जन्म यादव के नेतृत्व में टीम को मुखबिर से सूचना मिली थी कि सफेद रंग की KIA Carens कार संख्या HR22W2830 से दो लोग बिहार की तरफ से अवैध सोना लेकर दिल्ली की ओर जा रहे हैं। सूचना के बाद अधिकारियों को अवगत कराते हुए पुलिस टीम ने नवही पुलिया हाईवे के पास वाहनों की चेकिंग शुरू की।
पुलिस को देखकर कार चालक ने भागने का किया प्रयास
चेकिंग के दौरान मुखबिर द्वारा बताए गए नंबर की KIA Carens कार बिहार की ओर से आती दिखाई दी। पुलिस टीम ने कार को रुकने का इशारा किया। पुलिस का कहना है कि चालक ने कार को साइड से निकालकर भागने का प्रयास किया, लेकिन टीम ने तत्परता दिखाते हुए वाहनों की मदद से कार को रोक लिया।
पूछताछ में चालक ने अपना नाम जुबेर मुबारक शेख, निवासी शांगली, महाराष्ट्र बताया। उसके बगल में बैठे व्यक्ति की पहचान मनीष कुमार, निवासी लाजपत नगर, फतेहाबाद, हरियाणा के रूप में हुई।
गियर बॉक्स के नीचे बनाया गया था गुप्त बॉक्स
पुलिस के मुताबिक, कार को भगाने के कारण के बारे में पूछताछ करने पर दोनों आरोपियों ने कथित तौर पर बताया कि गाड़ी के गियर बॉक्स के नीचे एक विशेष बॉक्स बनाया गया है, जिसमें सोना छिपाकर रखा गया है और उसे दिल्ली ले जाया जा रहा था।
आरोपियों की निशानदेही पर वाहन की तलाशी ली गई। पुलिस के अनुसार, गियर बॉक्स के नीचे बने बॉक्स को खोलने पर कपड़े के लंबे बेल्ट में भूरे रंग के सेलो टेप से लपेटकर रखी गई दो सिल्लियां बरामद हुईं। आरोपियों ने बरामद पीली धातु को सोना बताया।
वैध दस्तावेज नहीं दिखा सके आरोपी
पुलिस का कहना है कि बरामद सोने से संबंधित कोई वैध दस्तावेज दोनों आरोपी प्रस्तुत नहीं कर सके। बरामद पीली धातु का कुल वजन 2 किलो 565.720 ग्राम बताया गया है, जिसकी कीमत करीब 3.92 करोड़ रुपये आंकी गई है।
पुलिस के अनुसार, बरामदगी और आगे की जांच की कार्रवाई आयकर विभाग और राजस्व आसूचना विभाग के अधिकारियों की मौजूदगी में की जा रही है। सोने के स्रोत, उसके स्वामित्व और इसे दिल्ली ले जाने के उद्देश्य समेत अन्य बिंदुओं पर जांच की जा रही है।



