33 केवी लाइन पर काम करते समय करंट लगने से संविदा कर्मी की मौत: चंदौली के कंदवा क्षेत्र में हादसा, शटडाउन के बावजूद सप्लाई चालू होने का आरोप
चंदन सिंह, चन्दौली

~ बिजली तार की मरम्मत के दौरान संविदा लाइनमैन की मौत
~ 33 केवी लाइन पर काम करते समय करंट लगने से संविदा कर्मी की मौत
~ चंदौली के कंदवा क्षेत्र में हादसा, शटडाउन के बावजूद सप्लाई चालू होने का आरोप
~ मृतक की पहचान कंदवा थाना क्षेत्र के अरंगी गांव निवासी 23 वर्षीय सदुम बिन्द के रूप में हुई है
चंदौली। जिले के कंदवा थाना क्षेत्र स्थित अदसड़ गांव के समीप शनिवार को बिजली मरम्मत कार्य के दौरान बड़ा हादसा हो गया। 33 हजार वोल्ट की हाईटेंशन लाइन पर कार्य कर रहे एक संविदा लाइनमैन को अचानक करंट लग गया, जिससे वह गंभीर रूप से झुलसकर खंभे से नीचे गिर पड़ा। सहकर्मियों और ग्रामीणों की मदद से उसे तत्काल जिला अस्पताल ले जाया गया, लेकिन रास्ते में ही उसकी मौत हो गई।
मृतक की पहचान कंदवा क्षेत्र के अरंगी गांव निवासी 23 वर्षीय सदुम बिन्द के रूप में हुई है, जो आउटसोर्सिंग व्यवस्था के तहत विद्युत विभाग में संविदा लाइनमैन के रूप में कार्यरत था। परिजनों का आरोप है कि रेरूआ फीडर पर विधिवत शटडाउन लेने के बावजूद बिजली आपूर्ति बहाल कर दी गई, जिसके कारण यह हादसा हुआ। घटना के बाद ग्रामीणों में आक्रोश फैल गया और बड़ी संख्या में लोग पोस्टमार्टम हाउस पहुंच गए।
स्थानीय विधायक सुशील सिंह ने परिजनों से मुलाकात कर आर्थिक सहायता और जिम्मेदार अधिकारियों के खिलाफ कार्रवाई का आश्वासन दिया है। परिजन पावर हाउस कर्मियों पर लापरवाही का आरोप लगाते हुए मुकदमा दर्ज करने की मांग कर रहे हैं। मामले की जांच की बात कही जा रही है।



