CrimeNews

लखीमपुर खीरी कचहरी में सनसनीखेज घटना: वकील ने चचेरे भाई को कोर्ट परिसर में ही मार दी गोली 

आरिफ़ अंसारी, वाराणसी

 

लखीमपुर खीरी। उत्तर प्रदेश के लखीमपुर खीरी जिले की जिला अदालत परिसर में सोमवार सुबह एक चौंकाने वाली घटना ने पूरे इलाके को हिला दिया। आपसी पारिवारिक विवाद के दौरान एक वकील ने अपने चचेरे भाई पर गोली चला दी, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गया। घायल वकील को तुरंत जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां से उसे बेहतर इलाज के लिए लखनऊ रेफर कर दिया गया।

विवाद हाथापाई से गोलीबारी तक पहुंचा

सुबह करीब 11:30 बजे शहर के मोहल्ला कमलापुरी निवासी अधिवक्ता जितेंद्र राज और उनके चचेरे भाई विराट राज कचहरी में अपने-अपने तख्त पर बैठे हुए थे। दोनों के बीच लंबे समय से परिवारिक संपत्ति को लेकर विवाद चल रहा था।

पहले दोनों भाइयों में तीखी बहस शुरू हुई, जो जल्द ही मारपीट में बदल गई। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, दोनों ने हेलमेट और कुर्सियों का इस्तेमाल कर एक-दूसरे पर हमला किया। आसपास बैठे अन्य वकीलों ने तुरंत हस्तक्षेप कर मामला शांत कराया।

लेकिन कुछ ही मिनटों बाद विवाद फिर भड़क उठा। इस बार स्थिति और बिगड़ गई जब विराट राज के पक्ष के कुछ लोग भी मौके पर पहुंच गए। अफरा-तफरी के बीच अचानक गोली की आवाज गूंजी। गोली जितेंद्र राज के सीने में लगी, जिससे वे तख्त पर ही लहूलुहान होकर गिर पड़े।

आरोपी फरार, कचहरी में मचा हड़कंप

गोली चलते ही कोर्ट परिसर में अफरा-तफरी मच गई। लोग इधर-उधर भागने लगे। आरोपी विराट राज और उसके साथी मौके से फरार हो गए। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस और प्रशासन के उच्च अधिकारी मौके पर पहुंच गए।

जिला मजिस्ट्रेट दुर्गा शक्ति नागपाल, पुलिस अधीक्षक डॉ. ख्याति गर्ग, सहायक पुलिस अधीक्षक विवेक तिवारी और एएसपी पूर्वी पवन गौतम ने घटनास्थल का निरीक्षण किया। इसके बाद वे जिला अस्पताल भी पहुंचे, लेकिन तब तक घायल जितेंद्र राज को लखनऊ रेफर कर दिया गया था।

घायल अधिवक्ता जितेंद्र राज का इलाज लखनऊ के एक बड़े अस्पताल में चल रहा है। उनकी हालत अभी गंभीर बताई जा रही है।

पुलिस की जांच और आगे की कार्रवाई

पुलिस अधीक्षक डॉ. ख्याति गर्ग ने बताया कि प्रारंभिक जांच में पूरा मामला पारिवारिक विवाद का लग रहा है। उन्होंने कहा, “आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए सीओ सिटी के नेतृत्व में विशेष टीम गठित कर दी गई है। जल्द ही आरोपी पकड़े जाएंगे।”

पुलिस अब कचहरी परिसर में लगे सीसीटीवी फुटेज की जांच कर रही है। फुटेज के आधार पर आरोपी की पहचान

और गिरफ्तारी की प्रक्रिया तेज कर दी गई है।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button