GhazipurNewsबड़ी ख़बर

गाजीपुर में पुलिस मुठभेड़ में ढेर हुआ ‘कटरा गैंग’ का 1 लाख  इनामी कमलेश बिंद, होटल कारोबारी के बेटे की हत्या का था मुख्य आरोपी

होटल कारोबारी के पुत्र विनीत राय हत्याकांड में बड़ी कार्रवाई, पुलिस पर फायरिंग के बाद जवाबी कार्रवाई में घायल हुआ बदमाश, अस्पताल में हुई मौत

आकाश पाण्डेय, गाज़ीपुर

 

 

गाजीपुर। होटल कारोबारी के पुत्र विनीत राय हत्याकांड में फरार चल रहे ₹1 लाख के इनामी बदमाश कमलेश चौधरी उर्फ कमलेश बिंद को बुधवार देर शाम पुलिस ने मुठभेड़ में मार गिराया। स्वाट टीम, कोतवाली पुलिस और करंडा थाना पुलिस की संयुक्त कार्रवाई के दौरान आरोपी ने पुलिस टीम पर ताबड़तोड़ फायरिंग की, जिसके जवाब में हुई कार्रवाई में वह गंभीर रूप से घायल हो गया। पुलिस उसे तत्काल जिला अस्पताल लेकर पहुंची, जहां उपचार के दौरान उसकी मौत हो गई।

मुठभेड़ के दौरान स्वाट प्रभारी रोहित कुमार मिश्रा के हाथ में गोली लगी, जबकि करंडा थानाध्यक्ष संतोष कुमार पाठक की बुलेटप्रूफ जैकेट पर भी गोली लगी। दोनों पुलिस अधिकारियों ने साहस का परिचय देते हुए अभियान जारी रखा।

 

 

एक करोड़ की रंगदारी न देने पर हुई थी विनीत राय की हत्या

29 मई की रात शहर के चर्चित होटल कारोबारी के पुत्र विनीत राय की गोली मारकर हत्या कर दी गई थी। वारदात उस समय हुई जब विनीत राय अपने होटल से घर लौट रहे थे। पुलिस जांच में सामने आया कि हत्या के पीछे रंगदारी का विवाद था। आरोप है कि अपराधियों ने एक करोड़ रुपये की रंगदारी मांगी थी और रकम नहीं मिलने पर हत्या की साजिश रची गई।

इस हत्याकांड के बाद पूरे जिले में सनसनी फैल गई थी। व्यापारिक संगठनों और स्थानीय लोगों ने आरोपियों की जल्द गिरफ्तारी की मांग की थी।

सोशल मीडिया और व्हाट्सएप ग्रुप ‘कटरा गैंग’ पर बनी थी हत्या की साजिश

पुलिस जांच में यह भी सामने आया कि हत्या की पूरी साजिश व्हाट्सएप ग्रुप “कटरा गैंग” पर रची गई थी। इस गैंग का संचालन मुख्य आरोपी शंकर पांडेय करता था। सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म और मैसेजिंग एप के जरिए हत्या की योजना बनाई गई और फिर उसे अंजाम दिया गया।

मामले में कमलेश बिंद के अलावा शंकर पांडेय, सोनू यादव और मोनू त्रिपाठी के नाम सामने आए हैं। इनमें शंकर पांडेय और कमलेश बिंद पर एक-एक लाख रुपये तथा अन्य दो आरोपियों पर 50-50 हजार रुपये का इनाम घोषित किया गया था।

मुखबिर की सूचना पर शुरू हुआ ऑपरेशन

पुलिस के अनुसार बुधवार को प्रभारी निरीक्षक कोतवाली प्रमोद कुमार सिंह, स्वाट प्रभारी रोहित कुमार मिश्रा तथा करंडा थानाध्यक्ष संतोष कुमार पाठक अपनी टीम के साथ आदर्श बाजार क्षेत्र में मौजूद थे। इसी दौरान मुखबिर से सूचना मिली कि विनीत राय हत्याकांड का वांछित आरोपी कमलेश बिंद पौहारी बाबा मठ पुलिया के पास मौजूद है।

सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची। पुलिस को देखते ही आरोपी मोटरसाइकिल से भागने लगा और पुलिस टीम पर फायरिंग शुरू कर दी।

गंगा किनारे कुर्था ट्यूबवेल के पास हुई मुठभेड़

पुलिस लगातार आरोपी का पीछा करती रही। भागते-भागते कमलेश बिंद करंडा क्षेत्र के ग्राम कुर्था स्थित ट्यूबवेल के पास पहुंच गया। खुद को चारों ओर से घिरा देखकर उसने पुलिस टीम पर दोबारा जानलेवा फायरिंग कर दी।

पुलिस ने आत्मरक्षा में जवाबी फायरिंग की, जिसमें एक गोली कमलेश बिंद के सीने में लगी। घायल अवस्था में उसे तत्काल जिला अस्पताल भेजा गया, जहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया।

दो पिस्टल, कारतूस और बिना नंबर प्लेट की बाइक बरामद

मुठभेड़ के बाद पुलिस ने आरोपी के कब्जे से भारी मात्रा में अवैध हथियार बरामद किए। बरामदगी में शामिल हैं—

  • 02 अवैध पिस्टल (.32 बोर)
  • 04 खोखा कारतूस (.32 बोर)
  • 01 बिना नंबर प्लेट की मोटरसाइकिल

पुलिस ने मुठभेड़, हत्या और अवैध हथियारों से जुड़े मामलों में अलग-अलग मुकदमे दर्ज कर वैधानिक कार्रवाई शुरू कर दी है।

कई संगीन मामलों में दर्ज थे मुकदमे

मृतक कमलेश चौधरी उर्फ कमलेश बिंद निवासी गोड़ा देहाती (गौशाबाद), थाना कोतवाली गाजीपुर का रहने वाला था। उसके खिलाफ हत्या के अलावा हत्या के प्रयास, मारपीट, धमकी, अवैध हथियार और अन्य गंभीर अपराधों से जुड़े कई मुकदमे पहले से दर्ज थे।

फरार आरोपियों की तलाश में लगातार दबिश

पुलिस का कहना है कि हत्याकांड में शामिल अन्य आरोपी शंकर पांडेय, सोनू यादव और मोनू त्रिपाठी अभी फरार हैं। उनकी गिरफ्तारी के लिए लगातार दबिश दी जा रही है। अधिकारियों का दावा है कि जल्द ही पूरे गैंग का पर्दाफाश कर सभी आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया जाएगा।

यह कार्रवाई गाजीपुर पुलिस की हाल के वर्षों की सबसे बड़ी कार्रवाइयों में से एक मानी जा रही है, क्योंकि इसमें एक हाई-प्रोफाइल हत्याकांड के मुख्य आरोपी को मुठभेड़ के बाद निष्क्रिय किया गया है और गैंग के नेटवर्क तक पहुंचने में महत्वपूर्ण सफलता मिली है।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button