आयुष्मान योजना में चोलापुर CHC का प्रदेश में डंका, मिला उत्कृष्टता सम्मान
लखनऊ में उपमुख्यमंत्री ब्रजेश पाठक ने किया सम्मानित, प्री-ऑथ और क्लेम इंसेंटिव के बेहतर उपयोग से हासिल की प्रदेश स्तर पर पहचान

रिपोर्ट: विवेक राय, संवाददाता, वाराणसी।
वाराणसी। आयुष्मान भारत प्रधानमंत्री जन आरोग्य योजना (AB-PMJAY) और आयुष्मान भारत डिजिटल मिशन में उत्कृष्ट कार्य के लिए सीएचसी चोलापुर को प्रदेश स्तर पर सम्मानित किया गया है। लखनऊ के इंदिरा गांधी प्रतिष्ठान में आयोजित राज्य स्तरीय समारोह में उत्तर प्रदेश के उपमुख्यमंत्री एवं स्वास्थ्य मंत्री ब्रजेश पाठक ने चोलापुर स्वास्थ्य केंद्र की टीम को सम्मान प्रदान किया।
सीएचसी चोलापुर को विशेष रूप से प्री-ऑथ एवं क्लेम इंसेंटिव के प्रभावी उपयोग के लिए यह सम्मान मिला। सम्मान समारोह में जिला नोडल अधिकारी एवं डिप्टी सीएमओ डॉ. अमित सिंह, डॉ. जितेंद्र यादव और आयुष्मान मित्र सुनील कुमार कनौजिया ने सीएचसी की ओर से प्रशस्ति पत्र प्राप्त किया।
सीएचसी चोलापुर के अधीक्षक डॉ. आर.बी. यादव ने इस उपलब्धि का श्रेय पूरी टीम की मेहनत को देते हुए कहा कि यह सम्मान अस्पताल के प्रत्येक चिकित्सक, पैरामेडिकल स्टाफ और कर्मचारी के लिए गौरव का विषय है। उन्होंने कहा कि सम्मान से टीम को मरीजों को और बेहतर स्वास्थ्य सुविधाएं उपलब्ध कराने की प्रेरणा मिलेगी।
वहीं, मुख्य चिकित्सा अधिकारी वाराणसी डॉ. एन.पी. सिंह ने सीएचसी चोलापुर की टीम को बधाई दी। उन्होंने कहा कि आयुष्मान भारत योजना का लाभ अधिक से अधिक पात्र लोगों तक पहुंचाना स्वास्थ्य विभाग की प्राथमिकता है। प्रदेश स्तर पर मिली इस पहचान के बाद सीएचसी चोलापुर के चिकित्सकों और कर्मचारियों में खुशी का माहौल है। स्वास्थ्य विभाग ने इसे वाराणसी की स्वास्थ्य सेवाओं के लिए महत्वपूर्ण उपलब्धि बताया है।




