Varanasi

विश्व पर्यावरण दिवस पर VDA का पौधारोपण अभियान, पर्यावरण संरक्षण का लिया संकल्प

"क्लाइमेट एक्शन" थीम के तहत अधिकारियों और कर्मचारियों ने लगाए पौधे, हरित विकास का दिया संदेश

नीरज सिंह, वाराणसी

 

 

वाराणसी। विश्व पर्यावरण दिवस-2026 के अवसर पर वाराणसी विकास प्राधिकरण (वीडीए) द्वारा शुक्रवार को प्राधिकरण परिसर में पौधारोपण कार्यक्रम का आयोजन किया गया। उपाध्यक्ष पूर्ण बोरा के निर्देश पर आयोजित इस कार्यक्रम में अधिकारियों एवं कर्मचारियों ने विभिन्न प्रजातियों के पौधे लगाकर पर्यावरण संरक्षण और हरित विकास के प्रति अपनी प्रतिबद्धता व्यक्त की।

इस वर्ष विश्व पर्यावरण दिवस की वैश्विक थीम “क्लाइमेट एक्शन (जलवायु कार्रवाई)” निर्धारित की गई है। इसी के अनुरूप कार्यक्रम में पर्यावरण संरक्षण, जलवायु परिवर्तन की चुनौतियों से निपटने तथा सतत जीवनशैली को बढ़ावा देने का संदेश दिया गया। कार्यक्रम के दौरान वक्ताओं ने कहा कि वर्तमान समय में बढ़ता प्रदूषण और जलवायु परिवर्तन पूरी दुनिया के लिए गंभीर चुनौती बन चुके हैं। ऐसे में पौधारोपण और पर्यावरण संरक्षण के प्रयासों को जन आंदोलन का रूप देना आवश्यक है।

पौधारोपण कार्यक्रम में सचिव डॉ. वेद प्रकाश मिश्रा, अपर सचिव डॉ. गुडाकेश शर्मा, वित्त नियंत्रक आत्मा प्रकाश वाजपेयी, नगर नियोजक प्रभात कुमार, अधीक्षण अभियंता अजय पवार, अधिशासी अभियंता अरविंद शर्मा, सहायक अभियंता शिवाजी मिश्रा एवं अनिरुद्ध पाण्डेय सहित बड़ी संख्या में अधिकारियों और कर्मचारियों ने भाग लिया। सभी ने पौधे लगाकर उनके संरक्षण का भी संकल्प लिया।

अधिकारियों ने कहा कि पौधारोपण केवल एक औपचारिकता नहीं बल्कि आने वाली पीढ़ियों को स्वच्छ और स्वस्थ पर्यावरण देने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम है। पौधे पर्यावरण संतुलन बनाए रखने, जैव विविधता को संरक्षित करने और वायु प्रदूषण को कम करने में अहम भूमिका निभाते हैं। इसलिए प्रत्येक नागरिक को अपने जीवन में अधिक से अधिक पौधे लगाने और उनकी देखभाल करने का संकल्प लेना चाहिए।

कार्यक्रम के दौरान यह भी बताया गया कि वाराणसी विकास प्राधिकरण अपनी सभी विकासात्मक योजनाओं और परियोजनाओं में पर्यावरणीय संतुलन तथा सतत विकास के सिद्धांतों को प्राथमिकता दे रहा है। प्राधिकरण स्वच्छ, हरित और पर्यावरण-अनुकूल शहरी वातावरण के निर्माण के लिए निरंतर प्रयासरत है।

कार्यक्रम का समापन पर्यावरण संरक्षण के प्रति सामूहिक संकल्प और जनसहभागिता के संदेश के साथ हुआ। अधिकारियों ने लोगों से अपील की कि वे पर्यावरण बचाने के लिए पौधारोपण, जल संरक्षण और स्वच्छता जैसे अभियानों में सक्रिय भागीदारी निभाएं।

 

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button