
~ वाराणसी में पुलिस और बदमाशों में मुठभेड़, दोनों के पैर में लगी गोली
~ मनीष हत्याकांड के ₹50-50 हजार के इनामी दो बदमाश गिरफ्तार
~ फूलपुर के करखियांव क्षेत्र में SOG व पुलिस की संयुक्त कार्रवाई
~ फायरिंग के बाद जवाबी कार्रवाई में दबोचे गए आरोपी
वाराणसी के फूलपुर थाना क्षेत्र में सोमवार को पुलिस और बदमाशों के बीच मुठभेड़ हो गई। मनीष सिंह हत्याकांड में फरार चल रहे ₹50-50 हजार के इनामी आरोपी मनीष राजभर और आशीष राजभर को पुलिस ने घेराबंदी के दौरान पकड़ लिया। पुलिस टीम पर फायरिंग कर भागने की कोशिश में दोनों के पैर में गोली लगी, जिसके बाद उन्हें गिरफ्तार कर लिया गया।
26 अप्रैल 2026 को फूलपुर थाना क्षेत्र के घमहापुर गांव में एक अनियंत्रित कार द्वारा महिला को टक्कर मारने के बाद आक्रोशित ग्रामीणों ने चालक मनीष सिंह की पीट-पीटकर हत्या कर दी थी। इस मामले में थाना फूलपुर पर मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू की गई थी।
घटना की गंभीरता को देखते हुए पुलिस उपायुक्त गोमती जोन नीतू कादयान और अपर पुलिस उपायुक्त नृपेन्द्र द्वारा लगातार मॉनिटरिंग की जा रही थी। इस मामले में पहले ही चार मुख्य अभियुक्तों मनोज प्रजापति, हरिश्चंद्र राजभर, योगेंद्र प्रजापति और अभिषेक उर्फ बुद्धू को गिरफ्तार किया जा चुका है। वहीं 3 मई को पांच अन्य लोगों को भी गिरफ्तार कर जेल भेजा गया था, जिन्होंने फरार आरोपियों को शरण दी थी।
फरार चल रहे मुख्य आरोपियों मनीष राजभर और आशीष राजभर की गिरफ्तारी के लिए पुलिस द्वारा लगातार दबिश दी जा रही थी। पहले इन पर ₹25,000 का इनाम घोषित किया गया, जिसे बाद में बढ़ाकर ₹50,000 कर दिया गया था।
4 मई को थाना फूलपुर और SOG की संयुक्त टीम क्षेत्र में चेकिंग कर रही थी, तभी मुखबिर से सूचना मिली कि दोनों आरोपी कठिराव खरका क्षेत्र में एक पुराने बंद पड़े ईंट-भट्टे के पास जर्जर मकान में छिपे हुए हैं। सूचना मिलते ही पुलिस टीम ने मौके पर घेराबंदी कर दबिश दी।
पुलिस को अपनी ओर आता देख बदमाशों ने जान से मारने की नीयत से फायरिंग शुरू कर दी। इसके जवाब में पुलिस ने आत्मरक्षा में कार्रवाई की, जिसमें दोनों आरोपियों के पैर में गोली लगी और उन्हें मौके से गिरफ्तार कर लिया गया।
गिरफ्तार आरोपियों की पहचान आशीष राजभर और मनीष राजभर, निवासी घमहापुर, थाना फूलपुर के रूप में हुई है। उनके कब्जे से एक-एक तमंचा (.315 बोर) और जिंदा कारतूस बरामद हुए हैं। घायल आरोपियों को उपचार के लिए अस्पताल भेजा गया है।
इस पूरी कार्रवाई में थाना फूलपुर पुलिस और SOG टीम की अहम भूमिका रही, जिसमें प्रभारी निरीक्षक अतुल कुमार सिंह और SOG प्रभारी गौरव कुमार सिंह समेत कई पुलिसकर्मी शामिल रहे।
पुलिस का कहना है कि मामले में आगे की विधिक कार्रवाई की जा रही है और शेष बचे पहलुओं की भी जांच जारी है।




