रामपुर मांझा पुलिस के हत्थे चढ़ा बाइक चोर, चोरी की स्प्लेंडर बरामद
रद्दीपुर मोड़ के बुढ़ऊ बाबा मंदिर चौराहे से गिरफ्तारी, आरोपी को जेल भेजा गया

आकाश पाण्डेय, गाज़ीपुर
सैदपुर, गाज़ीपुर। अपराध एवं अपराधियों के विरुद्ध चलाए जा रहे अभियान के तहत रामपुर मांझा पुलिस को बाइक चोरी के मामले में अहम सफलता मिली है। पुलिस ने मुखबिर की सूचना पर कार्रवाई करते हुए चोरी की स्प्लेंडर मोटरसाइकिल के साथ एक शातिर आरोपी को गिरफ्तार कर लिया। आरोपी के खिलाफ पहले से दर्ज मुकदमे में आवश्यक विधिक कार्रवाई पूरी करने के बाद उसे न्यायालय में पेश कर जेल भेज दिया गया।
पुलिस के अनुसार, बीती रात सूचना मिली कि एक युवक चोरी की मोटरसाइकिल के साथ चकेरी स्थित रद्दीपुर मोड़ के बुढ़ऊ बाबा मंदिर चौराहे के पास मौजूद है। सूचना को गंभीरता से लेते हुए रामपुर मांझा पुलिस तत्काल मौके पर पहुंची और घेराबंदी कर संदिग्ध युवक को पकड़ लिया। तलाशी के दौरान उसके कब्जे से एक स्प्लेंडर मोटरसाइकिल बरामद हुई।
थाने लाकर पूछताछ करने पर आरोपी ने अपना नाम नितेश कुमार यादव उर्फ सोनू, पुत्र चंद्रकांत यादव, निवासी मटखन्ना (नारीपचदेवरा) बताया। बरामद मोटरसाइकिल की जांच करने पर पता चला कि वह चोरी की है और इस संबंध में थाने में पहले से मुकदमा दर्ज है। पूछताछ के बाद पुलिस ने आरोपी के विरुद्ध संबंधित धाराओं में आगे की कानूनी कार्रवाई पूरी करते हुए उसे न्यायालय के समक्ष पेश किया, जहां से उसे जेल भेज दिया गया।
पुलिस का कहना है कि क्षेत्र में चोरी और अन्य आपराधिक घटनाओं पर प्रभावी अंकुश लगाने के लिए अभियान लगातार जारी रहेगा तथा अपराधियों के विरुद्ध सख्त कार्रवाई की जाएगी।
इस सफल कार्रवाई में उपनिरीक्षक मोतीलाल, कांस्टेबल विवेक कुमार, प्रदीप कुमार एवं सौरभ कुमार की महत्वपूर्ण भूमिका रही।




