45 वर्षों की सेवा के बाद वरिष्ठ लिपिक सुरेंद्र सोनकर को भावभीनी विदाई, नम हुईं आंखें
आकाश पाण्डेय, गाज़ीपुर

सैदपुर (गाजीपुर)। नगर पंचायत सैदपुर कार्यालय के वरिष्ठ लिपिक सुरेंद्र सोनकर के सेवानिवृत्त होने पर शुक्रवार को आयोजित विदाई समारोह में उन्हें भावभीनी विदाई दी गई। अधिकारियों, जनप्रतिनिधियों एवं कर्मचारियों ने उनके 45 वर्षों के सेवाकाल की सराहना करते हुए उनके स्वस्थ, सुखद और मंगलमय भविष्य की कामना की। समारोह के दौरान भावुक माहौल देखने को मिला और कई लोगों की आंखें नम हो गईं।
पूर्व चेयरमैन राजेंद्र प्रसाद यादव ने कहा कि सुरेंद्र सोनकर की नियुक्ति उनके कार्यकाल में हुई थी। उन्होंने अपने पूरे सेवाकाल में ईमानदारी, निष्ठा और कर्तव्यपरायणता के साथ दायित्वों का निर्वहन किया। पूर्व चेयरमैन शीला सोनकर और शशि सोनकर ने भी उनके कार्यों की सराहना करते हुए उन्हें कर्मठ, जिम्मेदार और अनुकरणीय कर्मचारी बताया।
नगर पंचायत अध्यक्ष सुशीला सोनकर ने कहा कि सुरेंद्र सोनकर की कार्यशैली और समर्पण अन्य कर्मचारियों के लिए प्रेरणास्रोत है। इस अवसर पर एसडीएम ज्योति चौरसिया, अधिशासी अधिकारी अर्जुन राजभर, चेयरमैन प्रतिनिधि सुभाष सोनकर, भाजपा नेता अविनाश बरनवाल, सुमन कमलापुरी, पूर्व प्रवक्ता राजेंद्र पांडेय, विकास बरनवाल, अश्वनी दुबे, रमेश प्रजापति सहित सभी सभासद, अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।




