रामपुर ढाब में सरकारी जमीन से अवैध मिट्टी खनन का मामला, पांच के खिलाफ मुकदमा दर्ज
खनन और राजस्व विभाग की जांच में 150 घन मीटर मिट्टी खनन की पुष्टि, खान निरीक्षक की तहरीर पर चौबेपुर पुलिस ने शुरू की जांच

विवेक राय, संवाददाता, वाराणसी
चौबेपुर/वाराणसी। चौबेपुर थाना क्षेत्र के रामपुर ढाब गांव में राजस्व अभिलेखों में दर्ज सरकारी भूमि से कथित अवैध मिट्टी खनन के मामले में पुलिस और खनन विभाग ने सख्त रुख अपनाया है। मामले में चौबेपुर पुलिस ने पांच नामजद लोगों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। खनन एवं राजस्व विभाग की संयुक्त टीम के स्थलीय निरीक्षण में करीब 150 घन मीटर मिट्टी के अवैध खनन की बात सामने आई है।
शिकायत के बाद मौके पर पहुंची टीम
जानकारी के अनुसार, ग्राम सभा रामपुर ढाब में अवैध तरीके से मिट्टी खनन किए जाने की शिकायत अधिकारियों से की गई थी। शिकायत के आधार पर खनन विभाग की टीम ने संबंधित लेखपाल के साथ मौके पर पहुंचकर खनन स्थल का स्थलीय निरीक्षण किया। जांच के दौरान आराजी संख्या 189 में मिट्टी खनन किए जाने की जानकारी सामने आई। उक्त भूमि को राजस्व अभिलेखों में सरकारी भूमि के रूप में दर्ज बताया गया है।
150 घन मीटर सरकारी मिट्टी खनन का आरोप
जांच के आधार पर खान निरीक्षक की ओर से दी गई तहरीर में करीब 150 घन मीटर सरकारी मिट्टी का अवैध तरीके से खनन किए जाने का उल्लेख किया गया है। तहरीर में यह भी आरोप लगाया गया है कि खनन की गई सरकारी मिट्टी को चोरी के माध्यम से बेचने का प्रयास किया गया।
मामले को खान एवं खनिज (विकास एवं विनियमन) अधिनियम की धारा 4/21 तथा उपखनिज परिहार नियमावली की धारा 3/58/72 के प्रावधानों का उल्लंघन बताया गया है।
इन पांच लोगों के खिलाफ दर्ज हुआ केस
खनन निरीक्षक की तहरीर के आधार पर पुलिस ने ग्राम सभा रामचंदीपुर निवासी सुजीत यादव, आदित्य निषाद उर्फ साहब, कपिलदेव यादव, धनंजय यादव और रमेश उर्फ प्रकाश यादव के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया है। पुलिस का कहना है कि मामले में साक्ष्यों और तथ्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।
अवैध खनन पर चौबेपुर पुलिस का सख्त रुख
वहीं, पुलिस के अनुसार चौबेपुर थाना प्रभारी अनिल कुमार शर्मा के नेतृत्व में पिछले एक माह के दौरान अवैध खनन के खिलाफ लगातार कार्रवाई की गई है। कार्रवाई के दौरान कई ट्रैक्टर-ट्रॉली पकड़े जाने और अवैध खनन के मामलों में एफआईआर दर्ज किए जाने की बात सामने आई है।
पुलिस की इस कार्रवाई के बाद क्षेत्र में अवैध खनन से जुड़े लोगों में कार्रवाई का डर बढ़ने की बात कही जा रही है। अधिकारियों का कहना है कि सरकारी भूमि से बिना अनुमति मिट्टी खनन करने वालों के खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई जारी रहेगी।




