निर्माणाधीन अपार्टमेंट में गार्ड की संदिग्ध मौत, शव रखकर चकिया-मुगलसराय मार्ग जाम
हत्या का आरोप लगाकर परिजनों और ग्रामीणों का प्रदर्शन, मुआवजे और निष्पक्ष जांच की मांग

रंधा सिंह, संवाददाता, चन्दौली
चंदौली के अलीनगर थाना क्षेत्र में निर्माणाधीन अपार्टमेंट में गार्ड के रूप में काम करने वाले पुनवासी चौहान की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत के बाद हड़कंप मच गया। मौत की खबर मिलते ही परिजनों और ग्रामीणों में आक्रोश फैल गया।
परिजनों ने मौत को लेकर हत्या की आशंका जताते हुए शव को सड़क पर रखकर चकिया-मुगलसराय मार्ग जाम कर दिया। प्रदर्शन कर रहे लोगों ने मामले की निष्पक्ष जांच के साथ मृतक के परिवार को आर्थिक मुआवजा देने की मांग की। काफी देर तक सड़क पर प्रदर्शन के चलते यातायात भी प्रभावित रहा।
मृतक की भाभी सोनिया ने मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ से मामले में इंसाफ और परिवार को आर्थिक सहायता दिलाने की गुहार लगाई। उन्होंने मृतक के छोटे बच्चों के भरण-पोषण के लिए भी सरकारी मदद की मांग की।
सूचना मिलने पर एसडीएम राजेश कुमार वर्मा और सीओ अरुण कुमार सिंह मौके पर पहुंचे। स्थिति को देखते हुए दो थानों की फोर्स समेत भारी पुलिस बल तैनात किया गया। अधिकारियों ने परिजनों से बातचीत कर मामले को शांत कराने का प्रयास किया।
वहीं पुलिस का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट और जांच के बाद ही मौत की वास्तविक वजह स्पष्ट हो सकेगी। फिलहाल पुलिस मामले की जांच में जुटी है।
परिजनों ने मांग पूरी नहीं होने पर बड़े आंदोलन की चेतावनी दी है।




