
नीरज सिंह, वाराणसी
वाराणसी: थाना लालपुर पांडेयपुर क्षेत्र के पांडेयपुर फ्लाईओवर के नीचे स्थित प्रसाद इंटर कॉलेज के मुख्य द्वार के सामने एक दर्दनाक सड़क हादसे में 38 वर्षीय संविदा कर्मी की मौके पर ही मौत हो गई। मृतक की पहचान रूपनरायन यादव के रूप में हुई है, जो रामपुर पोस्ट कैथूर, थाना चोलापुर के निवासी थे।
हादसे की पूरी घटना
बताया जा रहा है कि रूपनरायन यादव पांडेयपुर के ओरसड अन्तर कॉलेज के बाहर खड़े थे, तभी प्रसाद इंटर कॉलेज से एक फोरव्हीलर बाहर निकली और तेजी से सीधे रूपनरायन यादव के सीने पर चढ़ गया। इस भीषण दुर्घटना में उनकी मौके पर ही मौत हो गई।
घटना की सूचना मिलते ही इलाके में हड़कंप मच गया। स्थानीय लोगों की भीड़ जुट गई और मृतक के शव को देखकर लोगों में आक्रोश व्याप्त हो गया।
CCTV फुटेज हटाने का गंभीर आरोप
हादसे के तुरंत बाद सबसे बड़ा विवाद CCTV फुटेज को लेकर उठा है। परिजनों और स्थानीय लोगों का आरोप है कि दुर्घटना के कुछ ही देर बाद स्कूल प्रबंधन या संबंधित लोगों ने सीसीटीवी कैमरों के वायर तोड़ दिए, ताकि फुटेज नष्ट हो जाए और घटना का वीडियो प्रमाण न रह जाए।
जब मृतक के परिजन मौके पर पहुंचे और सीसीटीवी फुटेज की मांग की, तो वहां मौजूद लोगों के साथ उनकी तीखी कहासुनी हो गई। इस दौरान माहौल काफी तनावपूर्ण रहा।
परिजनों की मांग, थाने पर धरना
रूपनरायन यादव के परिजनों ने इस घटना को संदिग्ध बताते हुए निष्पक्ष जांच की मांग की है। उन्होंने हत्या का आरोप लगाते हुए दोषी व्यक्तियों पर कड़ी से कड़ी कार्रवाई करने की अपील की है।
मृतक का परिचय
रूपनरायन यादव पुत्र मिश्री यादव 38 वर्ष के थे। वे संविदा कर्मी के रूप में कार्यरत थे और अपने परिवार का भरण-पोषण कर रहे थे। उनकी अचानक मौत से पूरे परिवार में शोक का माहौल है।
परिजनों का कहना है: “हम बेटे की मौत का सच्चा सच जानना चाहते हैं। CCTV फुटेज छुपाया जा रहा है, लेकिन हम न्याय के लिए लड़ेंगे।”
पुलिस ने शव को पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया है और मामले की जांच शुरू कर दी है। फिलहाल वाहन चालक की भूमिका और पूरे मामले की तह तक पहुंचने के प्रयास किए जा रहे हैं।




