इंस्टाग्राम पर हुई दोस्ती बनी धोखे की कहानी, शादी का झांसा देकर 4 साल तक शोषण का आरोप; युवक गिरफ्तार
प्रेम संबंध का भरोसा टूटा, गर्भवती होने पर शादी से किया इनकार

नीरज सिंह, वाराणसी
वाराणसी। सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म इंस्टाग्राम पर शुरू हुई दोस्ती एक युवती के लिए दर्दनाक अनुभव में बदल गई। लालपुर-पांडेयपुर थाना क्षेत्र की पुलिस ने एक युवक को गिरफ्तार किया है, जिस पर आरोप है कि उसने शादी का झांसा देकर चार वर्षों तक युवती का शारीरिक शोषण किया और गर्भवती होने पर शादी से इनकार कर दिया।
पुलिस के अनुसार पीड़िता जौनपुर की रहने वाली है, जिसकी करीब चार वर्ष पहले वाराणसी के हुकुलगंज निवासी विष्णु चौधरी से इंस्टाग्राम के माध्यम से पहचान हुई थी। बातचीत के दौरान दोनों के बीच नजदीकियां बढ़ीं और प्रेम संबंध स्थापित हो गए। आरोप है कि युवक ने शादी का भरोसा दिलाकर युवती के साथ कई बार शारीरिक संबंध बनाए।
अश्लील वीडियो वायरल करने की धमकी देने का आरोप
पीड़िता का आरोप है कि जब वह गर्भवती हो गई और उसने शादी की बात उठाई तो आरोपी अपने वादे से मुकर गया। इतना ही नहीं, उसने कथित रूप से युवती के निजी वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल करने की धमकी भी दी। पीड़िता ने यह भी आरोप लगाया कि आरोपी के परिवार के लोगों ने उसका साथ देने के बजाय बेटे का समर्थन किया।
इन परिस्थितियों से परेशान होकर युवती ने पुलिस से शिकायत की, जिसके बाद मामले की जांच शुरू की गई।
शिकायत मिलते ही सक्रिय हुई पुलिस, आरोपी को घर से दबोचा
मामले को गंभीरता से लेते हुए लालपुर-पांडेयपुर पुलिस ने त्वरित कार्रवाई की और आरोपी विष्णु चौधरी को उसके घर से हिरासत में ले लिया। पुलिस ने पीड़िता का मेडिकल परीक्षण भी कराया है।
थाना प्रभारी अतुल कुमार सिंह ने बताया कि आरोपी के खिलाफ प्राप्त शिकायत के आधार पर संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। मामले में साक्ष्य जुटाए जा रहे हैं और आगे की विधिक कार्रवाई जारी है।
सोशल मीडिया पर रिश्तों को लेकर फिर उठे सवाल
इस घटना ने एक बार फिर सोशल मीडिया के माध्यम से बनने वाले रिश्तों और उनमें होने वाले कथित विश्वासघात को लेकर चर्चा छेड़ दी है। पुलिस का कहना है कि मामले की निष्पक्ष जांच की जा रही है और जांच के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।



