VaranasiMedical

वाराणसी में 14 अगस्त को 18.50 लाख बच्चों को खिलाई जाएगी एल्बेंडाजोल, छूटे हुए बच्चों के लिए 18 अगस्त को होगा मॉप-अप राउंड

आरिफ़ अंसारी, वाराणसी

~ 18 लाख 50 हजार बच्चों को 14 अगस्त को एल्बेंडाजोल की दवा खिलाई जाएगी

~ कृमि मुक्ति से बच्चों के स्वास्थ्य, पोषण एवं सीखने की क्षमता में होता है सुधार- सीएमओ

~ छूटे हुए बच्चों के लिए 18 अगस्त को मॉप-अप राउंड आयोजित किया जाएगा

 

 

वाराणसी, 12 अगस्त 2026। राष्ट्रीय कृमि मुक्ति अभियान के तहत वाराणसी जनपद में 14 अगस्त को 1 से 19 वर्ष आयु वर्ग के लगभग 18 लाख 50 हजार बालक-बालिकाओं को एल्बेंडाजोल की दवा खिलाई जाएगी। अभियान में सरकारी एवं मान्यता प्राप्त विद्यालयों, निजी विद्यालयों और मदरसों के विद्यार्थियों के साथ-साथ विद्यालय न जाने वाले बच्चों को भी शामिल किया गया है।

कुपोषण और एनीमिया से बचाव में मददगार

मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. एन.पी. सिंह ने बताया कि आंतों में कृमि संक्रमण के कारण बच्चों में कुपोषण और एनीमिया की समस्या उत्पन्न हो सकती है। इससे बच्चों के शारीरिक विकास पर भी प्रतिकूल प्रभाव पड़ता है। नियमित कृमि मुक्ति से बच्चों के स्वास्थ्य एवं पोषण स्तर में सुधार, एनीमिया नियंत्रण में सहायता तथा रोग प्रतिरोधक क्षमता और सीखने की क्षमता में वृद्धि होती है।

उन्होंने अभिभावकों से अपील की कि वे निर्धारित तिथि पर अपने बच्चों को एल्बेंडाजोल की दवा अवश्य दिलवाएं और अभियान को सफल बनाने में सहयोग करें।

शहरी क्षेत्र में 7.40 लाख, ग्रामीण क्षेत्र में 11.10 लाख बच्चे लक्षित

अपर मुख्य चिकित्सा अधिकारी एवं अभियान के नोडल अधिकारी डॉ. संजय राय ने बताया कि अभियान के तहत शहरी क्षेत्र में लगभग 7 लाख 40 हजार और ग्रामीण क्षेत्र में 11 लाख 10 हजार बच्चों को दवा खिलाने का लक्ष्य निर्धारित किया गया है।

दवा वितरण के लिए जिले के 3,914 आंगनबाड़ी केंद्रों तथा 2,853 सरकारी, मान्यता प्राप्त एवं निजी विद्यालयों और मदरसों में आवश्यक व्यवस्थाएं की गई हैं।

स्वास्थ्य विभाग की टीमें रहेंगी सक्रिय

डॉ. संजय राय ने बताया कि ग्रामीण क्षेत्रों में आरबीएसके टीम के चिकित्सक तथा शहरी क्षेत्रों में अर्बन पीएचसी के चिकित्सक अभियान में सक्रिय भूमिका निभाएंगे। इसके साथ ही जनपद की सभी एएनएम और आशा कार्यकर्ताओं को भी अभियान में लगाया गया है।

विद्यालय न जाने वाले बच्चों के साथ-साथ ईंट-भट्ठों पर कार्यरत श्रमिकों के बच्चों को भी अभियान के तहत एल्बेंडाजोल की दवा उपलब्ध कराई जाएगी, ताकि कोई भी पात्र बच्चा कृमि मुक्ति अभियान से वंचित न रहे।

उम्र के अनुसार दी जाएगी दवा

अभियान के दौरान 1 से 2 वर्ष आयु वर्ग के बच्चों को एल्बेंडाजोल की आधी गोली दी जाएगी, जबकि 2 वर्ष से अधिक आयु के बच्चों को एक पूर्ण गोली खिलाई जाएगी।

18 अगस्त को होगा मॉप-अप राउंड

स्वास्थ्य विभाग के अनुसार, 14 अगस्त को किसी कारणवश दवा लेने से वंचित रह जाने वाले बच्चों के लिए 18 अगस्त को मॉप-अप राउंड आयोजित किया जाएगा। इसका उद्देश्य अभियान में लक्षित सभी बच्चों तक कृमि मुक्ति की दवा पहुंचाना और शत-प्रतिशत कवरेज सुनिश्चित करना है।

स्वास्थ्य विभाग ने अभिभावकों, शिक्षकों, आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं और आशा-एएनएम कार्यकर्ताओं से अभियान में सक्रिय सहयोग की अपील की है, ताकि जनपद के सभी लक्षित बच्चों को कृमि संक्रमण से बचाव के लिए आवश्यक दवा उपलब्ध कराई जा सके।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button