Chandauli: मारपीट में घायल अधेड़ की मौत, आक्रोशित परिजनों ने शव रखकर किया चक्काजाम

रंधा सिंह, चन्दौली
चंदौली। बबुरी थाना क्षेत्र के भभुआर गांव में आपसी रंजिश के चलते हुई मारपीट में घायल हुए एक अधेड़ की इलाज के दौरान मौत हो गई। इससे गुस्साए परिजनों और ग्रामीणों ने शनिवार शाम शव को सड़क पर रखकर चक्काजाम कर दिया, जिससे लेवा-इलिया मार्ग पर घंटों आवागमन ठप हो गया। पुलिस ने कई थानों की फोर्स बुलाकर किसी तरह लोगों को समझा-बुझाकर शांत किया और जाम खुलवाया।
मृतक के पुत्र दीपक ने बताया कि गांव के ही रामआशीष, प्रमोद, रोहित और भोला ने पिछले दिनों उनके पिता गुलाब (उम्र करीब 50 वर्ष) की लाठी-डंडों से जमकर पिटाई की थी। मारपीट इतनी बेरहमी से हुई कि गुलाब गंभीर रूप से घायल हो गए और बेहोश होकर गिर पड़े। दीपक ने तुरंत 108 एंबुलेंस को कॉल किया और पिता को चकिया सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में भर्ती कराया। वहां डॉक्टरों ने हालत गंभीर देखते हुए उन्हें जिला अस्पताल चंदौली रेफर कर दिया। जिला अस्पताल में प्राथमिक उपचार के बाद डॉक्टरों ने गुलाब को बनारस हिंदू यूनिवर्सिटी (बीएचयू) ट्रॉमा सेंटर रेफर कर दिया। बीएचयू में इलाज के दौरान शनिवार को उनकी मौत हो गई।
गुलाब की मौत की खबर जैसे ही गांव पहुंची, परिजन और ग्रामीण आक्रोशित हो उठे। लोगों ने आरोपियों के खिलाफ तत्काल कार्रवाई की मांग को लेकर शव को सड़क पर रख दिया और लेवा-इलिया मार्ग पर चक्काजाम शुरू कर दिया। इससे दोनों तरफ वाहनों की लंबी कतार लग गई और यातायात पूरी तरह बाधित हो गया।
सूचना मिलते ही बबुरी थाने की पुलिस मौके पर पहुंची और लोगों को समझाने की कोशिश की, लेकिन आक्रोशित ग्रामीण नहीं माने। इसके बाद चकिया सहित आसपास के अन्य थानों से अतिरिक्त पुलिस फोर्स बुलाई गई। पुलिस अधिकारियों ने कड़ी मशक्कत के बाद परिजनों और ग्रामीणों को समझा-बुझाकर शांत किया। आरोपियों पर हत्या का मुकदमा दर्ज करने और गिरफ्तारी का आश्वासन देकर जाम खुलवाया गया। जाम हटने के बाद मार्ग पर आवागमन बहाल हो सका।
पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और मामले की जांच शुरू कर दी है। आरोपियों की तलाश जारी है। गांव में तनाव को देखते हुए क्षेत्र में पुलिस बल तैनात कर दिया गया है।




