Chandauli

चंदौली: नशे में धुत ड्राइवर की लापरवाही, नगर पालिका कूड़ा गाड़ी ने खड़ी ब्रेजा कार को मारी जोरदार टक्कर

मुगलसराय कोतवाली क्षेत्र के जीटीआर पुल राम मंदिर के पास हादसा; कार का दरवाजा दबा, पिछला शीशा चकनाचूर, चालक को लोगों ने दौड़ाकर पकड़ा

रंधा सिंह, चन्दौली

 

चंदौली। मुगलसराय कोतवाली क्षेत्र के जीटीआर पुल राम मंदिर के निकट मंगलवार दोपहर उस वक्त हड़कंप मच गया, जब नगर पालिका की कूड़ा उठाने वाली गाड़ी ने सड़क किनारे खड़ी ब्रेजा कार को जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी तेज थी कि कार का दाहिना दरवाजा बुरी तरह दब गया और पिछला शीशा पूरी तरह चकनाचूर हो गया। गनीमत रही कि कार में सवार परिवार के लोग बाल-बाल बच गए और किसी को चोट नहीं आई।

हादसे के तुरंत बाद कूड़ा गाड़ी का चालक मौके से फरार होने की कोशिश करने लगा, लेकिन आसपास मौजूद लोगों ने उसे दौड़ाकर पकड़ लिया। गुस्साए लोगों ने जमकर हंगामा किया और चालक पर शराब के नशे में होने का गंभीर आरोप लगाया।

The Gurukulam School फिर विवादों के घेरे में: म्यूजिक टीचर पर छात्रा से छेड़खानी का गंभीर आरोप

 

परिवार मिठाई खरीदने रुका था, अचानक पीछे से मारी टक्कर

घटना की जानकारी देते हुए गोधना गांव निवासी राम प्यारे यादव ने बताया कि वह अपने परिवार के साथ ब्रेजा कार से भोगवार गांव जा रहे थे। भूपौली स्टैंड राम मंदिर के पास सड़क किनारे कार रोकर मिठाई खरीद रहे थे। उनकी पत्नी कार में ही बैठी थीं। तभी अचानक तेज रफ्तार से आ रही नगर पालिका की कूड़ा गाड़ी ने खड़ी कार को पीछे से जोरदार टक्कर मार दी।

“टक्कर इतनी तेज थी कि कार का दाहिना दरवाजा अंदर धंस गया और पिछला शीशा टुकड़ों में बिखर गया। मेरी पत्नी बाल-बाल बचीं, वरना बड़ा हादसा हो जाता,” राम प्यारे यादव ने बताया।

नशे में धुत चालक पकड़ा गया, लोगों में आक्रोश

हादसे के बाद चालक गाड़ी छोड़कर भागने लगा, लेकिन स्थानीय लोगों ने सतर्कता दिखाते हुए उसे दौड़ा कर पकड़ लिया। भीड़ ने चालक की जमकर खिंचाई की और उसे पुलिस के हवाले करने की मांग की। लोगों का साफ आरोप है कि चालक शराब के नशे में था और इसी वजह से उसका नियंत्रण गाड़ी पर नहीं रहा।

राम प्यारे यादव ने कहा, “चालक की आंखें लाल थीं, बोलने में लड़खड़ाहट थी। स्पष्ट था कि वह नशे में था। नगर पालिका को ऐसे ड्राइवरों पर सख्ती करनी चाहिए।”

पुलिस को दी तहरीर, कार्रवाई का इंतजार

परेशान परिवार ने मुगलसराय कोतवाली पहुंचकर लिखित शिकायत दर्ज कराई है। मांग की गई है कि चालक के खिलाफ लापरवाही और नशे में वाहन चलाने की FIR दर्ज की जाए। साथ ही नगर पालिका से कार के नुकसान की भरपाई और चालक पर विभागीय कार्रवाई की मांग की गई है।

फिलहाल पुलिस मामले की जांच कर रही है। चालक को हिरासत में लिया गया है और उसका मेडिकल परीक्षण कराया जा रहा है।

यह घटना एक बार फिर नगर पालिका के वाहनों की लापरवाही और ड्राइवरों की फिटनेस पर सवाल खड़े कर रही है। सड़क किनारे खड़ी गाड़ी को टक्कर मारना और नशे में गाड़ी चलाना, दोनों ही गंभीर अपराध हैं। अब देखना यह है कि प्रशासन इस मामले में कितनी सख्ती दिखाता है।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button