अबू धाबी में बराकाह न्यूक्लियर प्लांट पर ड्रोन हमला, बाहरी जनरेटर में लगी आग; कोई हताहत नहीं, प्लांट सुरक्षित
Drone attack on Barakah nuclear plant in Abu Dhabi, external generator catches fire; no casualties, plant safe

नीरज सिंह
अब धाबी (यूएइ)/अंतरराष्ट्रीय: संयुक्त अरब अमीरात (UAE) की राजधानी अबू धाबी के अल धफरा इलाके में स्थित बराकाह न्यूक्लियर पावर प्लांट के बाहरी क्षेत्र में रविवार को एक ड्रोन हमले की घटना ने पूरे क्षेत्र में हड़कंप मचा दिया। हमले के बाद प्लांट की सुरक्षा परिधि के बाहर लगे एक इलेक्ट्रिकल जनरेटर में आग भड़क उठी, जिसकी तस्वीरें सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रही हैं।
अबू धाबी मीडिया ऑफिस का बयान
अबू धाबी मीडिया ऑफिस ने आधिकारिक रूप से पुष्टि की कि ड्रोन हमले से प्लांट की आंतरिक सुरक्षा सीमा के बाहर स्थित जनरेटर में आग लगी। सुरक्षा और दमकल की टीमें तुरंत मौके पर पहुंचीं और आग पर काबू पा लिया गया। राहत की बात यह है कि इस घटना में किसी के भी घायल होने की सूचना नहीं है।
परमाणु सुरक्षा पर कोई असर नहीं
यूएई की फेडरल अथॉरिटी फॉर न्यूक्लियर रेगुलेशन (FANR) ने स्पष्ट किया कि प्लांट की सभी महत्वपूर्ण प्रणालियां पूरी तरह सामान्य रूप से कार्यरत हैं। रेडियोलॉजिकल सुरक्षा स्तर पर कोई प्रभाव नहीं पड़ा है और रिएक्टर तथा अन्य संवेदनशील सिस्टम पूरी तरह सुरक्षित हैं। अंतरराष्ट्रीय परमाणु ऊर्जा एजेंसी (IAEA) भी स्थिति पर नजर रखे हुए है।
बराकाह न्यूक्लियर पावर प्लांट UAE की ऊर्जा सुरक्षा और स्वच्छ ऊर्जा रणनीति का अहम स्तंभ है। यह अरब दुनिया का पहला और एकमात्र परिचालित व्यावसायिक परमाणु ऊर्जा प्लांट है, जो देश की बिजली जरूरतों का बड़ा हिस्सा पूरा करता है। ऐसे में इस पर हमला क्षेत्रीय सुरक्षा के लिए गंभीर चिंता का विषय बन गया है।
अभी तक किसी संगठन या देश ने इस ड्रोन हमले की जिम्मेदारी नहीं ली है। हालांकि, क्षेत्र में इजराइल-अमेरिका और ईरान के बीच चल रहे तनाव के मद्देनजर कई रिपोर्ट्स में ईरान की ओर इशारा किया जा रहा है। UAE पहले भी ऐसे हमलों का सामना कर चुका है।
अधिकारियों ने आम लोगों से अपील की है कि वे केवल आधिकारिक सूत्रों से ही जानकारी लें और अफवाहों पर ध्यान न दें। स्थिति पूरी तरह नियंत्रण में बताई जा रही है और सुरक्षा व्यवस्था को और मजबूत कर दिया गया है।
