VaranasiCrime

पत्रकार से विवाद पड़ा भारी, नशे में धुत्त सिपाही रानु कुमार निलंबित

लालपुर-पांडेयपुर थाने में विवाद के बाद DCP वरुणा जोन की कार्रवाई, जांच में बिना अनुमति थाना क्षेत्र छोड़कर पहुंचने की बात सामने आई

नीरज सिंह, वाराणसी

 

 

वाराणसी। लालपुर-पांडेयपुर थाने पर पत्रकार से विवाद और अभद्रता के मामले में वाराणसी कमिश्नरेट पुलिस ने कार्रवाई की है। मामले को गंभीरता से लेते हुए DCP वरुणा जोन ने आरक्षी रानू कुमार को तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया है।

 

 

DCP वरुणा जोन के आधिकारिक एक्स हैंडल से जारी जानकारी के मुताबिक, पूरे प्रकरण की जांच कराई गई। जांच के दौरान यह तथ्य सामने आया कि आरक्षी रानू कुमार और पत्रकार देवेंद्र पांडेय पूर्व से एक-दूसरे से परिचित हैं। समाचार संकलन के लिए पांडेयपुर चौकी पर पहुंचे पत्रकार देवेंद्र पाण्डेय के साथ सिपाही रानू कुमार ने अभद्रता करते हुए चौकी से बाहर धकेल दिया और गाली गलौच करते हुए धमकी देने लगा।

 

और यह धमकी का सिलसिला यहीं नहीं रुका, पंडित दीन दयाल उपाध्याय अस्पताल में मेडिकल कराने पहुंचे सिपाही रानू कुमार ने पुलिसकर्मियों के सामने पत्रकार को गोली मारने तक की धमकी दे डाली।

 

 

बिना अनुमति थाना क्षेत्र छोड़कर पहुंचने की बात सामने आई

पुलिस की जांच में यह भी सामने आया कि आरक्षी रानू कुमार ने बिना सक्षम अधिकारी की अनुमति के अपना थाना क्षेत्र छोड़ा और लालपुर-पांडेयपुर थाने पहुंचा। वहां पत्रकार के साथ विवाद की स्थिति बनी, जिसके बाद मामला अधिकारियों तक पहुंचा।

मामले की गंभीरता को देखते हुए DCP वरुणा जोन की ओर से आरक्षी के खिलाफ निलंबन की कार्रवाई की गई है। पुलिस विभाग की इस कार्रवाई को संबंधित प्रकरण में अनुशासनात्मक कदम के तौर पर देखा जा रहा है।

 

 

गौरतलब है कि लालपुर-पांडेयपुर थाने से जुड़े इस मामले के बाद पत्रकारों की ओर से भी पुलिसकर्मी के व्यवहार को लेकर सवाल उठाए गए थे। मामले में कथित तौर पर धमकी और अभद्रता से जुड़े आरोप भी सामने आए थे।

निलंबन के बाद अब आगे की जांच पर नजर

आरक्षी के निलंबन के बाद अब पूरे घटनाक्रम से जुड़े अन्य तथ्यों और आरोपों की जांच पर नजर रहेगी। पुलिस अधिकारियों के मुताबिक, जांच में सामने आए तथ्यों के आधार पर ही आगे की कार्रवाई तय की जाएगी।

 

 

इस कार्रवाई से एक बात स्पष्ट है कि ड्यूटी और अनुशासन से जुड़े नियमों का उल्लंघन पाए जाने पर संबंधित पुलिसकर्मी के खिलाफ विभागीय स्तर पर कार्रवाई की जा सकती है।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button