
नीरज सिंह, वाराणसी
वाराणसी कमिश्नरेट पुलिस ने देर रात शिवपुर थाना क्षेत्र में एक शातिर चैन स्नैचर को मुठभेड़ के बाद गिरफ्तार कर लिया। रिंग रोड स्थित सिंधौरा-चांदमारी अंडरपास के पास वाहन चेकिंग के दौरान संदिग्ध युवक पुलिस को देखकर भागने लगा। पीछा किए जाने पर आरोपी ने पुलिस टीम पर फायरिंग कर दी, जिसके जवाब में हुई कार्रवाई में उसके पैर में गोली लग गई। घायल अवस्था में उसे पकड़कर अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
जानकारी के अनुसार, शिवपुर थाना प्रभारी निरीक्षक अजीत कुमार वर्मा अपनी टीम के साथ इलाके में संदिग्ध वाहनों की जांच कर रहे थे। इसी दौरान बिना नंबर प्लेट की एक टीवीएस अपाचे बाइक पर सवार युवक पुलिस को देखकर तेजी से भाग निकला। पुलिस टीम ने पीछा किया तो कानूडीह-सरसवां लिंक मार्ग के पास बाइक अनियंत्रित होकर फिसल गई। खुद को घिरता देख आरोपी ने अवैध तमंचे से पुलिस पर फायर झोंक दिया।
पुलिस ने आत्मरक्षा में जवाबी कार्रवाई की। फायरिंग के बाद आरोपी मौके से झाड़ियों की ओर भागा, लेकिन कुछ दूरी पर वह घायल अवस्था में मिला। उसके दाहिने पैर में गोली लगी थी। पुलिस ने तुरंत उसे कब्जे में लेकर उपचार के लिए दीनदयाल अस्पताल भेजा।
पकड़े गए आरोपी की पहचान बादल साहनी पुत्र अनिल साहनी निवासी किरहिया, थाना भेलूपुर के रूप में हुई है। तलाशी के दौरान उसके पास से .15 बोर का अवैध तमंचा, एक खोखा कारतूस, एक जिंदा कारतूस और ₹3630 नकद बरामद किए गए। पुलिस ने जिस बाइक से आरोपी भाग रहा था, उसे भी जब्त कर लिया। बाइक पर नंबर प्लेट नहीं लगी थी, लेकिन ई-चालान ऐप के जरिए उसका रजिस्ट्रेशन नंबर ट्रेस किया गया, जो रोहनिया निवासी राम बहल गुप्ता के नाम पर दर्ज मिला।
पूछताछ में आरोपी ने हाल ही में हुई चैन स्नैचिंग की वारदात में शामिल होने की बात कबूल की। उसने बताया कि 30 अप्रैल को अपने साथी अमन यादव के साथ मिलकर शिवपुर क्षेत्र की विश्वनाथपुरी कॉलोनी में एक महिला से चैन छीनी थी। छीनी गई चैन को एक ज्वैलर्स के यहां बेचा गया, जिसमें उसे ₹7000 हिस्सा मिला था। आरोपी ने पुलिस को बताया कि अधिकतर रकम नशे में खर्च कर दी गई और बरामद नकदी उसी लूट की बची हुई रकम है।
बादल ने यह भी खुलासा किया कि वह और उसका साथी अमन यादव बिना नंबर प्लेट की बाइक का इस्तेमाल कर वारदातों को अंजाम देते थे ताकि पहचान न हो सके। पुलिस के मुताबिक घटना के समय भी दोनों किसी नई वारदात की रेकी के लिए निकले थे।
मुठभेड़ के बाद पुलिस ने घटनास्थल को सील कर फोरेंसिक टीम की मदद से साक्ष्य जुटाए। फरार आरोपी अमन यादव और चैन खरीदने वाले ज्वैलर्स की तलाश में दबिश दी जा रही है। मामले में आरोपी के खिलाफ बीएनएस की विभिन्न धाराओं और आर्म्स एक्ट के तहत मुकदमा दर्ज कर आगे की कार्रवाई की जा रही है।




