Ghazipur

Ghazipur: बाबा विश्वनाथ पीजी कॉलेज में छात्राओं को मिली बड़ी सौगात, 300 को निःशुल्क साइकिल, ड्रेस और 500 को स्कूली बैग वितरित

एमएलसी विशाल सिंह 'चंचल' ने छात्राओं को साइकिल व ड्रेस भेंट कर किया प्रोत्साहित। कॉलेज प्रबंधन ने नए सत्र में प्रवेश लेने वाली छात्राओं को भी निःशुल्क साइकिल देने की घोषणा की

आकाश पाण्डेय, गाज़ीपुर

 

 

खानपुर (गाजीपुर)। खानपुर क्षेत्र स्थित बाबा विश्वनाथ पीजी कॉलेज, तेलियानी में आयोजित एक विशेष कार्यक्रम में छात्राओं को शिक्षा के प्रति प्रोत्साहित करने के उद्देश्य से निःशुल्क साइकिल, स्कूली ड्रेस और बैग वितरित किए गए। कार्यक्रम में बड़ी संख्या में छात्राएं, अभिभावक एवं क्षेत्र के गणमान्य लोग उपस्थित रहे। साइकिल और शैक्षणिक सामग्री पाकर छात्राओं के चेहरों पर खुशी साफ झलक रही थी।

कार्यक्रम के मुख्य अतिथि विधान परिषद सदस्य (एमएलसी) विशाल सिंह ‘चंचल’ ने करीब 300 छात्राओं को निःशुल्क साइकिल और स्कूली ड्रेस वितरित की। इसके अलावा 500 छात्राओं को स्कूल बैग भी प्रदान किए गए। इस अवसर पर उन्होंने छात्राओं को मन लगाकर पढ़ाई करने और जीवन में आगे बढ़ने के लिए प्रेरित करते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की शुभकामनाएं दीं।

इस दौरान बाबा विश्वनाथ पीजी कॉलेज के प्रबंधक डॉ. परशुराम यादव ने महत्वपूर्ण घोषणा करते हुए कहा कि वर्तमान शैक्षणिक सत्र में कॉलेज में प्रवेश लेने वाली सभी छात्राओं को निःशुल्क साइकिल उपलब्ध कराई जाएगी। उन्होंने बताया कि इस पहल का उद्देश्य आर्थिक रूप से कमजोर एवं ग्रामीण क्षेत्र की छात्राओं को उच्च शिक्षा से जोड़ना, उनकी नियमित उपस्थिति सुनिश्चित करना और शिक्षा के मार्ग में आने वाली दूरी जैसी बाधाओं को दूर करना है।

कार्यक्रम को संबोधित करते हुए मुख्य अतिथि रामतेज पाण्डेय ने छात्राओं से कहा कि शिक्षा केवल रोजगार का माध्यम नहीं, बल्कि व्यक्तित्व निर्माण का आधार भी है। उन्होंने छात्राओं से नैतिक मूल्यों, अनुशासन और संस्कारों को जीवन में अपनाने की अपील की।

एमएलसी विशाल सिंह ‘चंचल’ ने कहा कि ग्रामीण क्षेत्रों की अनेक छात्राओं को प्रतिदिन कॉलेज आने-जाने में दूरी और परिवहन की समस्या का सामना करना पड़ता है। साइकिल मिलने से उनका समय बचेगा, पढ़ाई नियमित होगी और अभिभावकों पर आर्थिक बोझ भी कम होगा। उन्होंने कहा कि सरकार और समाज का प्रयास है कि कोई भी बेटी केवल संसाधनों के अभाव में शिक्षा से वंचित न रहे।

उन्होंने कहा कि आज की बेटियां हर क्षेत्र में अपनी प्रतिभा का लोहा मनवा रही हैं। शिक्षा, चिकित्सा, अनुसंधान, खेल, प्रशासन और सेना जैसे क्षेत्रों में ग्रामीण पृष्ठभूमि की छात्राएं भी उत्कृष्ट प्रदर्शन कर रही हैं। उन्होंने महिलाओं की सुरक्षा और सशक्तिकरण के लिए संचालित सरकारी योजनाओं और ऑनलाइन हेल्पलाइन का भी उल्लेख करते हुए कहा कि इन पहलों से बेटियां पहले की अपेक्षा अधिक सुरक्षित और आत्मनिर्भर बन रही हैं।

कार्यक्रम के दौरान उपस्थित अभिभावकों का भी अंगवस्त्र भेंट कर सम्मान किया गया। कार्यक्रम की अध्यक्षता विजय सिंह ने की, जबकि संचालन कैलाश नाथ ने किया।

इस अवसर पर शिवप्रकाश त्रिपाठी, वीरबहादुर सिंह, रामानुज यादव, रामबचन यादव, पन्ना राम, नखड़ू सिंह, रामकुमार सिंह सहित कॉलेज परिवार, छात्राएं, अभिभावक एवं क्षेत्र के अनेक गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button