GhazipurCrimeNews

Ghazipur में डबल मर्डर से सनसनी, कमरे में खून से सने मिले दो भाइयों के शव; कहीं मां ने ही तो नहीं…..??

आकाश पाण्डेय, गाज़ीपुर

~ थाना खानपुर जनपद गाजीपुर क्षेत्रांतर्गत ग्राम रजहटी बहलईचा में 2 लड़कों की हुई हत्या

~ कमरे में खून से सने मिले दो भाइयों के शव

~ मां ने किया आत्महत्या का प्रयास

~ खानपुर के रजहटी गांव की है ये घटना

 

 

गाजीपुर। खानपुर थाना क्षेत्र के रजहटी गांव में बुधवार को दो सगे भाइयों के शव एक कमरे में मिलने से सनसनी फैल गई। मृतकों की पहचान 12 वर्षीय करन राजभर और 11 वर्षीय आर्यन राजभर के रूप में हुई है। दोनों बच्चों के शव बिस्तर पर पड़े मिले और शरीर पर चोट के निशान बताए जा रहे हैं। प्रारंभिक जांच में किसी भारी वस्तु से हमला किए जाने की आशंका जताई जा रही है। हालांकि, मौत की वास्तविक वजह पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही स्पष्ट हो सकेगी।

घटना की जानकारी मिलते ही परिवार में कोहराम मच गया। आसपास के ग्रामीण भी मौके पर पहुंच गए। सूचना मिलने पर सैदपुर क्षेत्राधिकारी शुभम वर्मा पुलिस टीम के साथ घटनास्थल पर पहुंचे और कमरे का निरीक्षण किया। पुलिस अधिकारियों ने परिजनों और आसपास के लोगों से भी घटना के संबंध में जानकारी जुटाई।

 

कमरे की तलाशी में मिले दोनों बच्चों के शव

गाजीपुर के पुलिस अधीक्षक डॉ. ईरज राजा के अनुसार, खानपुर पुलिस को सूचना मिली थी कि परिवार के दो बच्चे लापता हैं। सूचना मिलने के बाद पुलिस ने घर के कमरों की तलाशी ली। इसी दौरान एक कमरे में दोनों बच्चों के शव बरामद हुए। पुलिस ने मौके से साक्ष्य जुटाने की कार्रवाई शुरू कर दी है।

एसपी के मुताबिक, प्रारंभिक जांच में दोनों बच्चों की मौत किसी भारी वस्तु से चोट लगने के कारण होने की आशंका है। पुलिस हत्या समेत सभी संभावित पहलुओं को ध्यान में रखकर जांच कर रही है।

परिवार में मनमुटाव की बात सामने आई

पुलिस के अनुसार, परिवार में दो शादियों को लेकर पहले से मनमुटाव रहने की बात सामने आई है। इसी बीच परिवार की एक बच्ची ने पुलिस को बयान दिया है कि मां ने ही घटना को अंजाम दिया है। पुलिस इस बयान को जांच का महत्वपूर्ण हिस्सा मानते हुए तथ्यों और परिस्थितियों का मिलान कर रही है।

पुलिस का कहना है कि अभी किसी निष्कर्ष पर पहुंचना जल्दबाजी होगी। बच्ची के बयान की पुष्टि घटनास्थल से मिले साक्ष्यों और अन्य जांच के आधार पर की जा रही है।

मां ने भी आत्महत्या का प्रयास किया

घटना के बाद एक और चौंकाने वाली जानकारी सामने आई है। पुलिस के अनुसार, बच्चों की मां ने दूसरे कमरे में जाकर आत्महत्या का प्रयास किया। कमरे में पंखे से साड़ी बरामद होने की बात कही गई है। पुलिस ने इस पहलू को भी जांच में शामिल किया है।

मां ने ऐसा कदम क्यों उठाया और घटना से उसका क्या संबंध है, यह जांच का विषय है। पुलिस परिवार के सदस्यों से पूछताछ करने के साथ-साथ घटनास्थल से मिले साक्ष्यों की भी जांच कर रही है।

पोस्टमार्टम रिपोर्ट से खुलेगा मौत का राज

पुलिस ने दोनों बच्चों के शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट से चोटों की प्रकृति और मौत के वास्तविक कारण की स्थिति स्पष्ट होने की उम्मीद है।

फिलहाल पुलिस घटना की कड़ियों को जोड़ने में जुटी है। दोनों बच्चों की मौत किन परिस्थितियों में हुई, कमरे में उनके साथ क्या हुआ और घटना के पीछे वास्तविक वजह क्या है, इन सभी सवालों के जवाब जांच पूरी होने के बाद ही सामने आएंगे।

पुलिस अधिकारियों का कहना है कि मामले में सभी पहलुओं को ध्यान में रखकर निष्पक्ष जांच की जा रही है और उपलब्ध साक्ष्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button