संदिग्ध परिस्थितियों में विवाहिता ने फांसी लगाकर दी जान
घर से 300 मीटर दूर विद्युत पोल के एंगल से लटकता मिला शव, मानसिक स्थिति ठीक नहीं होने की बात; पोस्टमार्टम रिपोर्ट से होगा मौत का खुलासा

राजकुमार बेनवंशी, संवाददाता, जौनपुर
जलालपुर, जौनपुर। जलालपुर थाना क्षेत्र के बंदीपुर गांव में शनिवार सुबह एक 27-28 वर्षीय विवाहिता तुलसी का शव घर से करीब 300 मीटर दूर बिजली के खंभे पर चढ़ने के लिए लगाए गए एंगल से साड़ी के फंदे के सहारे लटकता मिला। सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को नीचे उतरवाकर कब्जे में लिया और पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
जानकारी के अनुसार बंदीपुर गांव निवासी करन राजभर पुत्र बचानू राजभर बेंगलुरु की एक फैक्टरी में काम करता था। करीब पांच वर्ष पूर्व उसने असम की रहने वाली तुलसी से बेंगलुरु में विवाह किया था। बताया जा रहा है कि तुलसी के मायके में कोई नहीं था। कुछ दिन पहले ही करन अपनी पत्नी को लेकर बेंगलुरु से गांव आया था। परिजनों और ग्रामीणों के अनुसार तुलसी की मानसिक स्थिति ठीक नहीं थी और वह अक्सर जिद करती थी।
शुक्रवार शाम करन किसी परिचित के बीमार होने की सूचना पर शहर स्थित एक नर्सिंग होम चला गया था। देर रात घर लौटने पर पत्नी तुलसी वहां नहीं मिली। इसके बाद उसने आसपास के इलाके के साथ सिरकोनी स्टेशन तक उसकी तलाश की, लेकिन कोई पता नहीं चला। शनिवार सुबह घर से करीब 300 मीटर दूर विद्युत पोल के एंगल से तुलसी का शव लटकता दिखाई दिया।
घटना की सूचना ग्राम प्रधान सन्नी सिंह ने पुलिस को दी। मौके पर पहुंची पुलिस ने शव को नीचे उतरवाकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। पति करन ने पुलिस को बताया कि तुलसी की मानसिक स्थिति ठीक नहीं थी। वहीं, थानाध्यक्ष सत्येंद्र विक्रम सिंह ने बताया कि महिला के मानसिक रूप से विक्षिप्त होने की बात सामने आ रही है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत की वास्तविक स्थिति स्पष्ट हो सकेगी।




