VaranasiCrime

वाराणसी पुलिस ने मुठभेड़ में बदमाश के पैर में मारी गोली, दो अंतरजनपदीय चेन स्नैचर गिरफ्तार

लालपुर रिंग रोड के पास चेकिंग के दौरान भागने की कोशिश, बाइक फिसलने के बाद पुलिस पर की फायरिंग, जवाबी कार्रवाई में एक बदमाश घायल

नीरज सिंह, वाराणसी

वाराणसी। लालपुर पांडेयपुर थाना क्षेत्र में रविवार देर रात पुलिस और बदमाशों के बीच मुठभेड़ हो गई। पुलिस ने मुठभेड़ के बाद दो अंतरजनपदीय चेन स्नैचरों को गिरफ्तार किया है। कार्रवाई के दौरान एक बदमाश के पैर में गोली लगी, जिसे उपचार के लिए अस्पताल भेजा गया। पुलिस के मुताबिक दोनों आरोपी पल्सर बाइक से सवार होकर जा रहे थे और चेकिंग के दौरान पुलिस टीम को देखकर भागने लगे थे।

 

 

बाइक फिसलने के बाद बदमाशों ने पुलिस पर की फायरिंग

पुलिस के अनुसार लालपुर रिंग रोड के पास पुलिस टीम संदिग्ध वाहनों और व्यक्तियों की चेकिंग कर रही थी। इसी दौरान पल्सर बाइक पर सवार दो संदिग्ध पुलिस को देखकर भागने लगे। भागने के दौरान उनकी बाइक अनियंत्रित होकर फिसल गई और दोनों सड़क पर गिर पड़े। इसके बाद आरोपियों ने पुलिस टीम पर फायरिंग शुरू कर दी।

पुलिस टीम ने आत्मरक्षा में जवाबी कार्रवाई की। इस दौरान एक बदमाश के पैर में गोली लगी, जबकि दूसरे आरोपी को पुलिस टीम ने पीछा कर गिरफ्तार कर लिया।

गोरखपुर के रहने वाले हैं दोनों आरोपी

घायल बदमाश की पहचान प्रद्युम्न मल उर्फ प्रतीक, निवासी चिउटहा (चिउराताल), थाना चिउटहा, जिला गोरखपुर के रूप में हुई है। वहीं गिरफ्तार दूसरे आरोपी की पहचान वेद प्रकाश दुबे उर्फ मोंटी, निवासी बुद्ध विहार, तारामंडल रामपुर, थाना रामगढ़ताल, जिला गोरखपुर के रूप में हुई है।

घायल प्रद्युम्न को पुलिस ने तत्काल उपचार के लिए अस्पताल भेजा। वहीं दूसरे आरोपी को हिरासत में लेकर पूछताछ की जा रही है।

नकदी, तमंचा और कारतूस बरामद

पुलिस ने दोनों आरोपियों के कब्जे से 75 हजार रुपये नकद, पीली धातु, .315 बोर का तमंचा, कारतूस और खोखे बरामद किए हैं। पुलिस के अनुसार दोनों आरोपी अंतरजनपदीय चेन स्नैचिंग और लूट की घटनाओं में शामिल रहे हैं।

अधिवक्ता की मां से चेन लूट का भी बाद खुलासा

पूछताछ के दौरान पुलिस के सामने एक अन्य वारदात की जानकारी भी सामने आई है। पुलिस के मुताबिक दोनों आरोपियों ने बीते 17 जुलाई को लालपुर पांडेयपुर थाना क्षेत्र के रमरेपुर गांव में एक अधिवक्ता की मां से चेन लूट की घटना को अंजाम दिया था।

पुलिस अब दोनों आरोपियों से पूछताछ कर उनके अन्य आपराधिक मामलों और वाराणसी समेत अलग-अलग जिलों में की गई संभावित वारदातों की जानकारी जुटा रही है। पुलिस यह भी पता लगाने का प्रयास कर रही है कि आरोपी गिरोह में और कितने लोग शामिल हैं और लूटी गई संपत्ति को कहां खपाया जाता था।

मुठभेड़ और गिरफ्तारी के बाद पुलिस ने दोनों आरोपियों के खिलाफ संबंधित धाराओं में कार्रवाई शुरू कर दी है। मामले में आगे की जांच जारी है।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button