प्रखर शुक्ला बने उत्तर प्रदेश हैंडबॉल एसोसिएशन के उपाध्यक्ष, संगठन में हुआ बड़ा फेरबदल
वाराणसी हैंडबॉल संघ के कोषाध्यक्ष प्रखर शुक्ला को मिली नई जिम्मेदारी, खेल विकास को मिलेगी नई दिशा

रिपोर्ट: अंकित मिश्रा।
वाराणसी। उत्तर प्रदेश हैंडबॉल एसोसिएशन ने संगठन को अधिक मजबूत, प्रभावी और पारदर्शी बनाने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम उठाते हुए वाराणसी हैंडबॉल संघ के कोषाध्यक्ष एवं समाजसेवी प्रखर शुक्ला को एसोसिएशन का नया उपाध्यक्ष नियुक्त किया है। यह नियुक्ति तत्काल प्रभाव से लागू कर दी गई है। वहीं, अब तक उपाध्यक्ष पद पर कार्यरत एके सिंह को उनके पद से मुक्त कर दिया गया है।
उत्तर प्रदेश हैंडबॉल एसोसिएशन के महासचिव डॉ. आनन्देश्वर पाण्डेय के निर्देश पर जारी इस संगठनात्मक बदलाव की जानकारी कार्यकारी महासचिव अमित पाण्डेय ने दी। उन्होंने बताया कि एसोसिएशन की कार्यप्रणाली को अधिक सशक्त, अनुशासित और पारदर्शी बनाने के उद्देश्य से यह निर्णय लिया गया है। अमित पाण्डेय ने कहा कि प्रखर शुक्ला लंबे समय से सामाजिक कार्यों के साथ-साथ खेल गतिविधियों में भी सक्रिय भूमिका निभाते रहे हैं।
उनके अनुभव, नेतृत्व क्षमता और संगठनात्मक कौशल का लाभ प्रदेश में हैंडबॉल खेल के विकास को मिलेगा। साथ ही खिलाड़ियों को बेहतर अवसर और खेल गतिविधियों को नई गति मिलने की उम्मीद है। प्रखर शुक्ला की नियुक्ति के बाद उत्तर प्रदेश हैंडबॉल एसोसिएशन के पदाधिकारियों, खिलाड़ियों और खेल प्रेमियों ने उन्हें शुभकामनाएं देते हुए विश्वास जताया कि उनके नेतृत्व में संगठन नई ऊंचाइयों को प्राप्त करेगा और प्रदेश में हैंडबॉल के प्रचार-प्रसार को और मजबूती मिलेगी।




