Varanasi

आशापुर रेलवे क्रॉसिंग के पास पटरी पर लेटी युवती,परिजनों से नाराज होकर उठाया कदम, महिला दरोगा ने बचाई जान

परिजनों की डांट से नाराज होकर रेलवे ट्रैक तक पहुंची थी 18 वर्षीय युवती, पुलिस ने समझाया और काउंसलिंग के बाद परिजनों से मिलाया

ख़बर भारत, डेस्क

 

 

वाराणसी। सारनाथ थाना क्षेत्र के आशापुर रेलवे क्रॉसिंग के पास एक 18 वर्षीय युवती के रेलवे ट्रैक तक पहुंचने की सूचना से हड़कंप मच गया। सूचना मिलते ही आशापुर चौकी प्रभारी दीक्षा पाण्डेय पुलिस टीम के साथ तत्काल मौके पर पहुंचीं और युवती को सुरक्षित स्थान पर ले गईं। पुलिस की तत्परता से एक गंभीर घटना टल गई।

सूचना मिलते ही मौके पर पहुंचीं महिला दरोगा

बताया गया कि युवती परिजनों से नाराज होकर आशापुर रेलवे क्रॉसिंग के पास पहुंच गई थी। सूचना मिलने पर चौकी प्रभारी दीक्षा पाण्डेय ने बिना देरी किए मौके पर पहुंचकर युवती को सुरक्षित किया। इसके बाद उसे आशापुर चौकी लाया गया, जहां पुलिस ने उससे बातचीत कर पूरे मामले की जानकारी ली।

सोशल मीडिया को लेकर हुई थी कहासुनी

पुलिस के अनुसार, पूछताछ में युवती ने बताया कि वह मूल रूप से पटना की रहने वाली है और वर्तमान में आशापुर क्षेत्र में किराये के मकान में रह रही है। युवती ने बताया कि उसके भाई ने उसे सोशल मीडिया अकाउंट चलाने से मना किया था और इसी बात को लेकर उसे डांट भी पड़ी थी। इससे नाराज होकर वह घर से निकल गई थी।

पुलिस ने की काउंसलिंग

चौकी पर महिला दरोगा ने युवती से बातचीत कर उसे समझाया और काउंसलिंग की। पुलिस की समझाइश के बाद युवती ने अपनी गलती स्वीकार की और भविष्य में इस तरह का कदम नहीं उठाने का भरोसा दिया। इसके बाद पुलिस ने आवश्यक कार्रवाई करते हुए मामले को शांत कराया।

महिला चौकी प्रभारी की समय रहते पहुंच और पुलिस की तत्परता से युवती सुरक्षित रही। साथ ही रेलवे ट्रैक से जुड़ी किसी बड़ी अप्रिय घटना की आशंका भी टल गई।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button