
रंधा सिंह, चन्दौली
चंदौली। उत्तर प्रदेश के चंदौली जिले से सोमवार रात एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है। अलीनगर थाना क्षेत्र के एक गांव में घर से बाहर खेल रही छह वर्षीय मासूम बच्ची के साथ दरिंदगी की गई और फिर उसकी गला घोंटकर हत्या कर दी गई। वारदात को छिपाने के लिए आरोपी ने बच्ची का शव घर के पास भूसे के ढेर में छिपा दिया।
घटना की जानकारी होते ही पूरे गांव में सनसनी फैल गई। परिजन का रो-रोकर बुरा हाल है, वहीं गांव में दहशत और आक्रोश का माहौल है। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर जांच शुरू कर दी है और तीन संदिग्धों को हिरासत में लेकर पूछताछ कर रही है।
घर के बाहर खेलते-खेलते लापता हुई थी बच्ची
सोमवार की रात करीब नौ बजे मासूम बच्ची घर के बाहर खेल रही थी। कुछ देर बाद जब वह घर नहीं लौटी तो परिजनों ने उसे आसपास ढूंढना शुरू किया। खोजबीन के दौरान घर से थोड़ी दूरी पर बच्ची के अंडरगारमेंट्स पड़े मिले। पास में बिस्कुट, टॉफी और गुटखे के खाली रैपर बिखरे हुए थे। यह देखकर परिजनों को अनहोनी की आशंका हुई।
इसके बाद जब ग्रामीणों की मदद से खोजबीन जारी रखी गई, तो कुछ ही दूरी पर भूसे के ढेर में छिपाया गया बच्ची का शव मिला। शव मिलने के बाद परिजनों में कोहराम मच गया। पूरे गांव में मातम छा गया।
घटनास्थल से फॉरेंसिक टीम ने जुटाए साक्ष्य
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर अलीनगर थाना प्रभारी के नेतृत्व में पुलिस टीम मौके पर पहुंची। इसके साथ ही फॉरेंसिक टीम और डॉग स्क्वाड ने भी घटनास्थल का निरीक्षण किया। पुलिस ने मौके से बच्ची के कपड़े, बिस्कुट के पैकेट, चॉकलेट के रैपर और अन्य सामान को कब्जे में लेकर साक्ष्य एकत्र किए।
अधिकारी ने बताया कि प्रथम दृष्टया मामला दुष्कर्म के बाद हत्या का प्रतीत होता है। हालांकि, वास्तविक स्थिति का खुलासा पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही हो पाएगा।
तीन संदिग्ध हिरासत में, विशेष टीम गठित
घटना के बाद पुलिस प्रशासन ने मामले के खुलासे के लिए विशेष जांच टीम गठित कर दी है। अलीनगर थाना पुलिस ने तीन संदिग्धों को हिरासत में लिया है, जिनसे पूछताछ जारी है।
एएसपी अनंत चंद्रशेखर ने बताया कि “घटना बेहद गंभीर है। शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। रिपोर्ट से ही दुष्कर्म और हत्या की पुष्टि हो पाएगी। पुलिस की कई टीमें गठित की गई हैं और जल्द ही आरोपी गिरफ्त में होगा।”
शर्मनाक घटना के बाद गांव में मातम और गुस्सा, प्रशासन सतर्क
मासूम की हत्या से पूरे गांव में शोक और गुस्से का माहौल है। बड़ी संख्या में ग्रामीण मौके पर जुट गए और आरोपियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग करने लगे। पुलिस ने स्थिति को देखते हुए गांव में अतिरिक्त फोर्स तैनात कर दी है। अधिकारियों ने ग्रामीणों से शांति बनाए रखने की अपील की है।
जांच जारी, आरोपी की तलाश में छापेमारी
पुलिस और सर्विलांस टीम आसपास के इलाकों में लगे सीसीटीवी फुटेज की जांच कर रही है। संदिग्धों से पूछताछ में कई अहम सुराग मिले हैं। पुलिस का कहना है कि जल्द ही अपराधी कानून के शिकंजे में होगा और उसके खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।




