Varanasi

चौबेपुर में महिला आरक्षी शब्बो बानो का भव्य स्वागत, आशा लाइब्रेरी पहुंचने पर हुआ अभिनंदन

लाइब्रेरी की पूर्व छात्रा बनी प्रेरणा, बोलीं— सफलता के लिए मेहनत और लक्ष्य के प्रति समर्पण जरूरी

ख़बर भारत डेस्क

 


वाराणसी। चौबेपुर क्षेत्र के भंदहां कला स्थित आशा लाइब्रेरी एवं अध्ययन केंद्र में उस समय उत्साह का माहौल देखने को मिला, जब उत्तर प्रदेश पुलिस भर्ती परीक्षा 2024 में चयनित महिला आरक्षी शब्बो बानो का प्रशिक्षण पूर्ण कर पहली बार आगमन हुआ। इस अवसर पर लाइब्रेरी परिवार द्वारा उनका माल्यार्पण, अंगवस्त्र और स्मृति चिह्न देकर भव्य स्वागत किया गया।

लाइब्रेरी की छात्रा से बनी महिला आरक्षी

शब्बो बानो आशा लाइब्रेरी की छात्रा रही हैं, जिन्होंने कठिन परिश्रम और लगन के बल पर उत्तर प्रदेश पुलिस में महिला आरक्षी पद हासिल किया। उनके चयन से क्षेत्र में खुशी का माहौल है और अन्य छात्राओं के लिए वह प्रेरणा बनकर उभरी हैं।

छात्राओं को दिया सफलता का मंत्र

कार्यक्रम के दौरान शब्बो बानो ने उपस्थित छात्राओं को संबोधित करते हुए कहा कि किसी भी लक्ष्य को पाने के लिए समर्पण, संघर्ष और निरंतर मेहनत बेहद जरूरी है। उन्होंने प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी कर रही छात्राओं को नियमित अध्ययन और अनुशासन बनाए रखने की सलाह दी।

संसाधन और मार्गदर्शन से मिलती है सफलता

इस मौके पर आशा ट्रस्ट के समन्वयक वल्लभाचार्य पाण्डेय ने कहा कि शब्बो बानो की सफलता यह दर्शाती है कि यदि उचित मार्गदर्शन और संसाधन उपलब्ध हों, तो सामान्य परिवार के बच्चे भी बड़ी उपलब्धियां हासिल कर सकते हैं। उन्होंने लाइब्रेरी के प्रयासों की सराहना करते हुए इसे शिक्षा का सशक्त केंद्र बताया।

बड़ी संख्या में लोग रहे मौजूद

कार्यक्रम में प्रदीप सिंह, साधना पाण्डेय, दीन दयाल सिंह, सौरभ चन्द्र, सनी, सरोज सिंह, श्वेता सिंह सहित कई गणमान्य लोग और छात्र-छात्राएं उपस्थित रहे। सभी ने शब्बो बानो को शुभकामनाएं देते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की।

युवाओं के लिए बनी मिसाल

शब्बो बानो की यह उपलब्धि क्षेत्र के युवाओं, खासकर छात्राओं के लिए प्रेरणादायक है। उनके अनुभव और संघर्ष की कहानी अन्य अभ्यर्थियों को अपने लक्ष्य की ओर आगे बढ़ने के लिए प्रेरित कर रही है।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button