Ghazipurशासन प्रशासन

नगर पंचायत के विकास को 14 करोड़ का बजट पास, हंगामा के बीच संपन्न हुई बोर्ड की बैठक; सभासद बैठक में, पति धरने पर

आकाश पाण्डेय, गाज़ीपुर

 

सैदपुर, गाज़ीपुर। नगर पंचायत कार्यालय में गुरुवार को आयोजित बोर्ड की बैठक में 16 करोड़ रुपये के प्रस्ताव के सापेक्ष 14 करोड़ रुपये का बजट पास हो गया। चेयरमैन सुशीला सोनकर और प्रभारी ईओ ज्योति चौरसिया की मौजूदगी में हुई इस बैठक में सभासदों ने एक-एक कर अपनी बात रखी और विभिन्न विकास कार्यों के प्रस्ताव दिए। हालांकि, बैठक हंगामे और धरने के बीच संपन्न हुई, जिसमें कुछ सभासदों और उनके पतियों ने अपनी मांगें मनवाने के लिए धरना दिया।

बैठक में सभासद हिमांशु सोनी ने नगर में प्रधानमंत्री आवास योजना की सूची का सर्वे कराकर प्रक्रिया आगे बढ़ाने का प्रस्ताव रखा। सभासद बृजेश जायसवाल ने जन्म-मृत्यु प्रमाणपत्र और भवनों के नक्शे समय पर जारी करने की मांग की। सभासद इरफान अहमद ने कहा कि नगर में कई विकास कार्य लंबे समय से अधूरे पड़े हैं, जिन्हें प्राथमिकता के आधार पर पूरा कराया जाए। गीता देवी ने राजकीय बालिका इंटर कॉलेज से पक्का घाट तक क्षतिग्रस्त सड़क के नवनिर्माण की मांग उठाई। अंजना सोनकर ने अपने वार्ड में अधूरे विकास कार्यों को पूरा करने की बात कही। सुमन सोनकर ने 15वें वित्त के अधूरे कार्यों को मूर्त रूप देने पर जोर दिया। सुनील यादव ने अपने वार्ड की कच्ची सड़क के निर्माण की मांग की।

 

बैठक में वंदन योजना, पंडित दीनदयाल उपाध्याय योजना, कायाकल्प आदि योजनाओं के तहत होने वाले विकास कार्यों पर विस्तृत चर्चा हुई। चेयरमैन सुशीला सोनकर ने बताया कि राज्यवित्त, नगर निधि और अवस्थापना नीति के तहत प्राप्त 40 लाख रुपये तथा 15वें वित्त के कार्यों के लिए प्रस्ताव मांगे जाएंगे। उन्होंने कहा कि सभी सभासदों के सहयोग से नगर को विकास से संतृप्त बनाया जाएगा। प्रभारी ईओ ज्योति चौरसिया ने सभासदों से अपील की कि वे अपने-अपने वार्डों के जरूरी कार्यों की सूची दें, ताकि प्राथमिकता के आधार पर इन्हें कराया जा सके। बैठक में सभासद विनोद सोनकर, मनोनीत सभासद रामबाबू पांडेय, अशोक कांस्कर, हरिशरण वर्मा, लिपिक सुरेंद्र सोनकर आदि मौजूद रहे।

कुछ सभासदों व पतियों का धरना, ईओ ने नजरअंदाज किया

बैठक के दौरान अपनी मांगों को लेकर कुछ सभासदों और सभासद पतियों ने कार्यालय के बाहर धरना दे दिया। सभासद सुनील यादव, कुलदीप निषाद, जालिम सोनकर तथा सभासद पति प्रकाश यादव, बबलू सोनकर, बृजेश सेठ धरने पर बैठे। प्रभारी ईओ ज्योति चौरसिया ने धरने को नजरअंदाज करते हुए बैठक संपन्न कराई और चली गईं। इसके बाद धरना भी समाप्त हो गया। धरने पर बैठे लोगों में आपसी मतभेद भी हो गए और बहस शुरू हो गई।

सभासद ने दी सहमति, पति धरने पर

वार्ड संख्या 6 की सभासद गीता देवी बैठक में शामिल रहीं और सभी प्रस्तावों को स्वीकृति प्रदान की। उन्होंने हर मुद्दे पर सहमति जताई तथा बैठक का कोरम पूरा करने में योगदान दिया। इधर, उनकी पति बृजेश सेठ चेयरमैन कार्यालय के सामने धरने पर बैठे दिखे। इस विरोधाभासी स्थिति ने अन्य धरने पर बैठे सभासदों में असंतोष पैदा कर दिया।

‘धरने की पहले सूचना देनी चाहिए थी’ – प्रभारी ईओ

प्रभारी ईओ ज्योति चौरसिया ने कहा, “सभासदों को कोई समस्या है तो उन्हें मिलकर बताना चाहिए। आवश्यकता हो तो लिखित में भी दें। धरना देना है तो उसकी भी सूचना पहले से होनी चाहिए। लेकिन बगैर सूचना के वे धरने पर बैठे, इसलिए मैंने बात नहीं की।” उन्होंने जोर देकर कहा कि सभी मांगें प्राथमिकता से पूरी की जाएंगी।

यह बैठक सैदपुर नगर पंचायत के विकास की दिशा में महत्वपूर्ण कदम है, लेकिन आंतरिक असहमति ने इसे चर्चा का विषय बना दिया।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button