Uttar Pradesh

बड़ी खबर: अखिलेश यादव के भाई प्रतीक यादव का 38 साल की उम्र में निधन, लखनऊ के अस्पताल में ली अंतिम सांस

ब्यूरो रिपोर्ट: खबर भारत

 

लखनऊ। उत्तर प्रदेश की राजनीति और मुलायम सिंह यादव के परिवार से जुड़ी एक अत्यंत दुखद खबर सामने आ रही है। समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव के छोटे भाई प्रतिक यादव का बुधवार सुबह लखनऊ में निधन हो गया है। मात्र 38 वर्ष की आयु में उनके निधन से राजनीतिक और व्यापारिक जगत में शोक की लहर दौड़ गई है।

अस्पताल लाते ही डॉक्टरों ने किया मृत घोषित

जानकारी के मुताबिक, प्रतीक यादव को बुधवार सुबह करीब 6 बजे लखनऊ के सिविल अस्पताल लाया गया था, जहाँ चिकित्सकों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। हालांकि, अभी तक उनकी मौत की सटीक वजह स्पष्ट नहीं हो सकी है। शव को पोस्टमार्टम के लिए KGMU भेज दिया गया है, जहाँ उनके साथ उनकी पत्नी अपर्णा यादव के भाई भी मौजूद हैं।

हाल ही में बिगड़ी थी तबीयत

सूत्रों के हवाले से खबर है कि प्रतीक यादव को बीते 30 अप्रैल को गंभीर हालत में लखनऊ के एक बड़े अस्पताल में भर्ती कराया गया था। तीन दिनों के उपचार के बाद उनकी हालत में कुछ सुधार हुआ, जिसके बाद वे बिना डॉक्टरी छुट्टी (LAMA) लिए ही घर चले गए थे।

राजनीति से दूर, फिटनेस और बिजनेस की दुनिया में थे सक्रिय

स्वर्गीय मुलायम सिंह यादव की दूसरी पत्नी साधना गुप्ता के बेटे प्रतीक ने ब्रिटेन की लीड्स यूनिवर्सिटी से अपनी पढ़ाई पूरी की थी। राजनीति की चकाचौंध से दूर वे एक सफल रियल एस्टेट कारोबारी और फिटनेस फ्रीक थे। लखनऊ में वे ‘द फिटनेस प्लैनेट’ नाम से एक प्रसिद्ध जिम के मालिक थे। इसके अलावा वे ‘जीव आश्रय’ नाम की संस्था के माध्यम से स्ट्रीट डॉग्स की सेवा और रेस्क्यू के लिए भी जाने जाते थे।

अपर्णा यादव के साथ 14 साल पुराना रिश्ता

प्रतीक यादव और उनकी पत्नी, भाजपा नेता अपर्णा यादव की लव स्टोरी साल 2001 में एक बर्थडे पार्टी से शुरू हुई थी। ई-मेल के जरिए शुरू हुई बातचीत 4 दिसंबर 2011 को सैफई में एक भव्य विवाह समारोह में बदली, जिसमें अमिताभ बच्चन जैसी बड़ी हस्तियों ने शिरकत की थी। उनकी दो बेटियां हैं।

उतार-चढ़ाव भरी रही निजी जिंदगी

इसी साल 19 जनवरी को प्रतीक ने अचानक सोशल मीडिया पर तलाक का ऐलान कर सबको चौंका दिया था। हालांकि, मात्र 9 दिन बाद ही दोनों के बीच सुलह हो गई और प्रतीक ने ‘All is Good’ लिखकर अपनी खुशी साझा की थी। आखिरी बार उन्हें 21 फरवरी को अपनी बेटी के जन्मदिन पर सार्वजनिक रूप से देखा गया था, जहाँ भाजपा के कई दिग्गज नेता भी शामिल हुए थे।

फिलहाल उनकी पत्नी अपर्णा यादव, जो उत्तर प्रदेश राज्य महिला आयोग की उपाध्यक्ष हैं, असम में थीं और खबर मिलते ही लखनऊ के लिए रवाना हो गई हैं।

 

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button