गाजीपुर: करंडा क्षेत्र में सनसनी फैलाने वाला बदमाश पुलिस मुठभेड़ में घायल, अवैध तमंचा व बाइक बरामद
अंकित मिश्रा, गाज़ीपुर

गाजीपुर (10 अक्टूबर 2025): मिशन शक्ति 5.0 के तहत अपराध और अपराधियों के विरुद्ध चलाए जा रहे अभियान में गाजीपुर पुलिस को बड़ी सफलता हाथ लगी है। करंडा व बिरनो थाना पुलिस की संयुक्त कार्रवाई में एक कुख्यात बदमाश अनीश उर्फ रईस यादव को पुलिस मुठभेड़ में घायल कर गिरफ्तार किया गया है। उसके पास से अवैध तमंचा .315 बोर, एक खोखा कारतूस और एक मोटरसाइकिल बरामद की गई है।
मुठभेड़ का पूरा घटनाक्रम:
दिनांक 10.10.2025 को थानाध्यक्ष करंडा शैलेन्द्र प्रताप सिंह अपनी टीम के साथ ग्राम ब्राह्मणपुरा में गोली चलाने की घटना के बाद आरोपियों की तलाश में क्षेत्र में भ्रमणशील थे। इसी दौरान सूचना मिली कि एक संदिग्ध ग्राम सुसुंडी थाना नोनहरा के ग्रीनफील्ड एक्सप्रेसवे के पास दिखाई दिया है। पुलिस को देख वह फायरिंग करते हुए बिरनो की ओर भागा।
थानाध्यक्ष करंडा द्वारा तत्काल कंट्रोल रूम व थाना बिरनो को सूचना दी गई। बदमाश को घेरने के लिए कार्रवाई की गई। ग्राम रामदोपुर मच्छर ताली के पास, खुद को घिरा देख बदमाश ने पुलिस टीम पर जानलेवा हमला करते हुए गोली चलाई। पुलिस ने संयम बरतते हुए आत्मरक्षा में जवाबी फायरिंग की, जिसमें बदमाश के बाएं पैर में गोली लग गई।
घायल बदमाश को मानवीय दृष्टिकोण अपनाते हुए तत्काल उपचार हेतु सीएचसी बिरनो भेजा गया।
गिरफ्तार बदमाश की पहचान अनीश उर्फ रईस यादव, पुत्र विंध्याचल यादव, निवासी ग्राम मानिकपुर कोटे, थाना करंडा, जनपद गाजीपुर, उम्र 19 वर्ष के रूप में हुई है। उसके कब्जे से एक अदद अवैध तमंचा .315 बोर, एक अदद खोखा कारतूस, तथा एक मोटरसाइकिल बरामद की गई।
इस मुठभेड़ व गिरफ्तारी में थाना करंडा के थानाध्यक्ष शैलेन्द्र प्रताप सिंह तथा थाना बिरनो के थानाध्यक्ष बालेंद्र कुमार अपनी-अपनी टीमों के साथ शामिल थे, जिन्होंने साहसिक कार्रवाई करते हुए बदमाश को घेरकर पकड़ा और क्षेत्र में फैल रही आपराधिक गतिविधियों पर लगाम लगाई।




