
चंदन सिंह, चन्दौली
बबुरी (चंदौली)। बबुरी कस्बा निवासी रोहित केशरी पुत्र( विनोद केशरी) बीते एक माह से लापता हैं। परिजनों द्वारा गुमशुदगी की रिपोर्ट दर्ज कराए जाने के बावजूद बबुरी पुलिस अब तक उनका कोई सुराग नहीं लगा पाई है। समय बीतने के साथ ही परिजनों का धैर्य टूटता जा रहा है। बुधवार को रोहित की पत्नी पूजा अपने परिजनों और छोटी बेटी के साथ थाने पहुंची और पति के अपहरण का आरोप लगाते हुए न्याय की गुहार लगाई।
परिजनों ने पुलिस पर लापरवाही का आरोप लगाते हुए कहा कि रोहित 27 सितम्बर से ही रहस्यमय परिस्थितियों में लापता हो गए थे। उस समय परिजनों ने थाने में गुमशुदगी की रिपोर्ट दर्ज कराई थी, लेकिन अब तक कोई ठोस सुराग नहीं मिला। परिजनों का कहना है कि यदि समय रहते पुलिस ने गंभीरता दिखाई होती तो रोहित का पता अब तक लग चुका होता।
रोहित की पत्नी पूजा ने कहा कि उनकी ढाई वर्षीय छोटी बेटी पूर्वी हर रोज अपने पिता के लौटने की राह देखती है। उसने कहा कि पुलिस सिर्फ जांच का भरोसा दिला रही है, लेकिन हमें अब तक कोई सूचना नहीं दी गई। पूजा का रो-रोकर बुरा हाल है। परिजनों का आरोप है कि अब मामला साधारण गुमशुदगी का नहीं, बल्कि अपहरण का प्रतीत होता है। उन्होंने तत्काल कार्रवाई की मांग की है।
परिवार के लोगों ने कहा कि उन्हें शक है कि किसी ने सोची-समझी साजिश के तहत रोहित का अपहरण किया है। परिजनों ने बबुरी थाना अध्यक्ष से मुलाकात कर मामले में सख्त कार्रवाई की मांग की है। इस संबंध में बबुरी थाना अध्यक्ष सूर्य प्रकाश मिश्रा ने बताया कि मामले की हर पहलू से जांच की जा रही है,परिजनों द्वारा कुछ संदिग्ध मोबाइल नंबर उपलब्ध कराया है उन नंबरों का भी जांच किया जा रहा है, जल्द ही लापता युवक को खोज लिया जाएगा।




