Chandauli: दर्दनाक सड़क हादसा, बच्चों को दवा दिलाकर लौट रहे पिता को अज्ञात वाहन ने रौंदा; मौके पर मौत

चंदन सिंह, चन्दौली
चंदौली। सैयदराजा थाना क्षेत्र के फुटिया गांव के समीप नेशनल हाईवे 19 पर रविवार देर रात एक दर्दनाक सड़क हादसा हो गया। बच्चों को दवा दिलाकर बाइक से घर लौट रहे एक व्यक्ति को तेज रफ्तार अज्ञात वाहन ने जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी भयानक थी कि बाइक सवार की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि बाइक पर सवार दोनों बच्चे गंभीर रूप से घायल हो गए।
मृतक की पहचान सुजीत सिंह (44 वर्ष), सदर थाना क्षेत्र के बिसौरी गांव निवासी के रूप में हुई है। परिजनों के अनुसार, सुजीत अपने दो बच्चों को दवा दिलाने सैयदराजा गए थे। दवा लेकर बाइक से घर लौट रहे थे, तभी फुटिया गांव के पास अज्ञात वाहन ने उन्हें रौंद दिया। वाहन चालक मौके से फरार हो गया। हादसे में सुजीत की मौके पर ही दर्दनाक मौत हो गई, जबकि उनके बच्चे बुरी तरह जख्मी हो गए। घायल बच्चों को तुरंत अस्पताल पहुंचाया गया, जहां उनकी हालत खतरे से बाहर बताई जा रही है।
हादसे की सूचना मिलते ही सैयदराजा पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। पोस्टमार्टम हाउस पर परिजनों और ग्रामीणों की भारी भीड़ उमड़ पड़ी। मृतक के परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। पत्नी और बच्चे बार-बार बेहोश हो रहे हैं। गांव में मातम का माहौल है।
पुलिस ने अज्ञात वाहन चालक के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया है और वाहन की तलाश शुरू कर दी है। सीसीटीवी फुटेज खंगाले जा रहे हैं। हाईवे पर तेज रफ्तार वाहपनों की वजह से आए दिन हादसे हो रहे हैं, जिसे लेकर स्थानीय लोग प्रशासन से सुरक्षा के इंतजाम की मांग कर रहे हैं। यह हादसा एक बार फिर सड़क सुरक्षा की पोल खोल रहा है।




