Varanasi

बेटी की शादी से महज 4 दिन पहले पिता की मौत: स्कॉर्पियो की टक्कर से होटल कर्मी राजेश गोंड की दर्दनाक मौत, शादी का घर मातम में डूबा

आरिफ़ अंसारी, वाराणसी

~ बेटी की शादी से महज 4 दिन पहले पिता की मौत

~ स्कॉर्पियो की टक्कर से होटल कर्मी राजेश गोंड की दर्दनाक मौत

~ शादी का घर मातम में डूबा

 

वाराणसी, 21 नवंबर 2025। कैंट थाना क्षेत्र के डीआईजी पीएसी आवास के पास गुरुवार सुबह तेज रफ्तार स्कॉर्पियो (नंबर UP-65-EU-9399) ने स्कूटी सवार 48 वर्षीय राजेश गोंड को जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी भयानक थी कि राजेश की मौके पर ही मौत हो गई। वे शहर के एक नामी होटल में हाउसकीपिंग स्टाफ थे और सुबह की ड्यूटी पर जा रहे थे। मूल रूप से फुलवरिया थाना क्षेत्र के इमलिया घाट निवासी राजेश का परिवार इन दिनों बड़ी बेटी अंजली उर्फ बिन्नी की शादी (25 नवंबर) की तैयारियों में डूबा हुआ था। अचानक आई यह खबर ने पूरे घर को मातम में बदल दिया।

परिजनों के अनुसार, शादी के कार्ड छप चुके थे, दावत की तैयारियां चल रही थीं, मेहंदी-हल्दी का कार्यक्रम तय हो चुका था। लेकिन अब कार्डों की जगह अर्थी सजने वाली है। मृतक की पत्नी शीला गोंड और छोटी बेटी मिनी पूरी तरह बेसुध हैं।

थाने में बेहोश हुई बेटी, कैन्ट पुलिस ने संभाला

मौत की सूचना मिलते ही बड़ी बेटी अंजली मां और छोटी बहन मिनी के साथ कैंट थाने पहुंची। पिता के शव को देखते ही वह जोर-जोर से रोने लगी और अचानक लड़खड़ाकर थाने के फर्श पर गिर पड़ी। उसे होश नहीं रहा। यह दर्दनाक मंजर देखकर थाना प्रभारी इंस्पेक्टर शिवाकांत मिश्रा तुरंत आगे बढ़े। उन्होंने खुद अंजली को सहारा दिया, कुर्सी मंगवाई और परिवार को ढांढस बंधाया।

इसके बाद महिला कांस्टेबल स्नेहा पाण्डेय ने अंजली को गोद में उठाया, उसके मुंह पर पानी के छींटे मारे और लगातार हिम्मत बंधाती रहीं। थाना प्रभारी ने परिवार से कहा, “आप अकेले नहीं हैं, पुलिस आपके साथ है। जो भी जरूरत होगी, हम करेंगे।” थाने में मौजूद सभी लोग भावुक हो गए। शादी का घर एक पल में अनाथ हो गया।

पुलिस ने की कार्रवाई

कैंट थाना प्रभारी शिवाकांत मिश्रा ने बताया कि शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। स्कॉर्पियो गाड़ी और चालक की तलाश की जा रही है। दुर्घटना वाली जगह के आसपास के सभी सीसीटीवी फुटेज खंगाले जा रहे हैं। जल्द ही आरोपी चालक को पकड़ लिया जाएगा।

परिवार की आर्थिक स्थिति कमजोर होने के कारण थाना प्रभारी ने संबंधित अधिकारियों से तत्काल आर्थिक सहायता दिलाने का आश्वासन भी दिया है।

यह हादसा एक बार फिर तेज रफ्तार वाहनों से होने वाली मौतों की भयावहता को सामने लाता है। जहां एक तरफ बेटी दुल्हन बनने की तैयारी कर रही थी, वहीं पिता की अर्थी कंधों पर उठने को तैयार है।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button