Varanasi

Varanasi: स्वर्णकार संघ के नवनियुक्त पदाधिकारियों का वाराणसी में शपथ समारोह, व्यापार और सुरक्षा पर हुआ मंथन

माधवी मिश्रा, वाराणसी

वाराणसी के चन्द्रा चौराहा स्थित तनिष्क बैंक्वेट हॉल में रविवार को उत्तर प्रदेश स्वर्णकार संघ (अखिल भारतीय स्वर्णकार संघ 3545 से सम्बद्ध) की जिला व प्रदेश इकाइयों के नवनियुक्त पदाधिकारियों का भव्य शपथ ग्रहण समारोह आयोजित किया गया। कार्यक्रम में अखिल भारतीय स्वर्णकार संघ के राष्ट्रीय अध्यक्ष कश्मीर सिंह राजपूत की अध्यक्षता रही, जबकि वाराणसी के मुख्य न्यायिक मजिस्ट्रेट मनीष वर्मा मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित रहे। विशिष्ट अतिथियों में शोहरतगढ़ विधायक विनय वर्मा और हाटा विधायक मोहन वर्मा शामिल हुए।

समारोह में प्रदेश के करीब 40 जिलों से आए पदाधिकारियों और सर्राफा व्यापारियों ने सोना-चांदी के लगातार बढ़ते दाम, उसके व्यवसाय पर पड़ते प्रभाव और सर्राफा दुकानों की सुरक्षा को लेकर गंभीर चर्चा की। वक्ताओं ने चिंता जताई कि चांदी के भाव में तेजी से वृद्धि के कारण लूट और डकैती जैसी आपराधिक घटनाओं की आशंका भी बढ़ रही है।

शोहरतगढ़ विधायक विनय वर्मा ने व्यापारियों को संगठित रहने, बाजार में उतार-चढ़ाव से घबराने के बजाय सजग रहने और सोशल मीडिया के माध्यम से खुद को अपडेट रखने की सलाह दी। वहीं विधायक मोहन वर्मा ने वर्तमान परिस्थितियों में स्वर्णकार समाज को एकजुट होकर आगे बढ़ने का आह्वान किया। प्रदेश अध्यक्ष सत्यनारायण सेठ ने संगठन को मजबूत करने और कमजोर व्यापारियों के सहयोग पर जोर दिया। प्रदेश महामंत्री शैलेश वर्मा ने मुख्यमंत्री से मुलाकात कर सर्राफा कारोबारियों की सुरक्षा सहित अन्य मांगें रखने की जानकारी दी, जबकि प्रदेश कोषाध्यक्ष अमित सोनी ने व्यापारियों से राजनीति में सक्रिय भागीदारी बढ़ाने की अपील की।

कार्यक्रम के दौरान बिहार प्रदेश अध्यक्ष पद के लिए सत्यम भारती के नाम की घोषणा की गई, जिसका उपस्थित पदाधिकारियों ने तालियों के साथ स्वागत किया। समारोह का संचालन प्रदेश महामंत्री शैलेश वर्मा ने किया।

 

Instagram पर इस ख़बर का वीडियो देखने के लिए नीचे क्लिक करें..

https://www.instagram.com/reel/DT9w4YJgXqB/?igsh=MTZkOXYwdHg5ejUwNw==

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button