VaranasiNews

वाराणसी: चोलापुर शहीद स्मारक की बदहाली पर भड़के किसान, सफाई कर शहीदों को दी श्रद्धांजलि

शहीद पथ घोषित करने और संग्रहालय निर्माण की उठी मांग, प्रशासन की लापरवाही पर सवाल

आरिफ अंसारी, वाराणसी

वाराणसी। पूर्वांचल किसान संगठन के तत्वाधान में किसान नेता अजीत सिंह डोभी के नेतृत्व में रविवार को चोलापुर स्थित शहीद स्मारक पर भगत सिंह, सुखदेव और राजगुरु को श्रद्धांजलि अर्पित की गई। हालांकि कार्यक्रम तय समय सुबह 11 बजे शुरू होना था, लेकिन स्मारक परिसर में फैली भारी गंदगी के कारण किसानों को पहले सफाई करनी पड़ी, जिसके बाद दोपहर करीब 12:30 बजे श्रद्धांजलि कार्यक्रम संपन्न हुआ।

किसानों ने बताया कि जिले का यह एकमात्र शहीद स्मारक होने के बावजूद इसकी स्थिति बेहद खराब है। स्मारक के पास ही चोलापुर थाना और ब्लॉक कार्यालय होने के बावजूद साफ-सफाई की अनदेखी पर किसानों ने नाराजगी जताई। कार्यक्रम से पहले किसानों ने स्वयं पानी से धोकर पूरे परिसर की सफाई की और फिर देश के वीर सपूतों को श्रद्धांजलि दी।

इस दौरान किसानों ने चोलापुर शहीद स्मारक से गोला-कटारी मार्ग को “शहीद पथ” घोषित करने की मांग उठाई। साथ ही भारत सरकार के संस्कृति मंत्रालय और जिलाधिकारी वाराणसी से यहां एक संग्रहालय बनाने की मांग की गई, ताकि आने वाली पीढ़ियों को शहीदों के बलिदान की जानकारी मिल सके।

किसान नेता अजीत सिंह डोभी ने बताया कि इससे पहले भी वे जिले में सबसे ऊंचा राष्ट्रीय ध्वज स्थापित करने, शहीदों को सलामी देने के लिए सेना की सेवानिवृत्त तोपों की व्यवस्था कराने जैसी मांगें प्रधानमंत्री, गृह मंत्री और रक्षा मंत्री के समक्ष रख चुके हैं।

कार्यक्रम में विवेक यादव (ब्लॉक अध्यक्ष), जयकेश भास्कर (कार्यालय प्रभारी), सूर्यनाथ सिंह (संरक्षक), जय प्रकाश (पूर्व ब्लॉक प्रमुख डोभी), राजेश सिंह, अजय सिंह, अरविंद मौर्य (मंत्री), सोनू सिंह (पत्रकार), चंद्रप्रकाश सिंह (पत्रकार), अनिल सेठ (अध्यक्ष), सतेन्द्र सिंह, अभय यादव, प्रवीण सिंह, बालाजी राय सहित अन्य लोग मौजूद रहे।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button