Varanasi: सिगरा स्टेडियम के पास शराब के नशे में सब्जी विक्रेता की गर्मी से अचेत, हीट स्ट्रोक के कारण हुई मौत
अजय त्रिपाठी, वाराणसी

वाराणसी: सिगरा क्षेत्र में भीषण गर्मी के बीच एक दुखद घटना सामने आई है। सोशल मीडिया पर वायरल सूचना के आधार पर पुलिस ने तत्काल कार्रवाई करते हुए सिगरा स्टेडियम के पास साइकिल की दुकान के सामने गिरे एक बुजुर्ग व्यक्ति को कबीर चौरा अस्पताल पहुंचाया। वहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया।
मृतक की पहचान ननकू यादव (52 वर्ष) पुत्र पोखी यादव, निवासी श्रीरामपुर, पोस्ट करियापुर, थाना फतेहपुर, जिला गया, बिहार के रूप में हुई है। वह स्थानीय सब्जी मंडी में सब्जी बेचने का काम करता था और शराब पीने का आदी था।
पुलिस के अनुसार, व्यक्ति शराब के नशे में धूप में घूम रहा था, जिसके चलते वह अचानक गिर पड़ा। उसके साथ काम करने वाले साथी अस्पताल में मौजूद रहे। परिजनों को सूचना दे दी गई है। उनके पहुंचने के बाद शव का पोस्टमॉर्टम कर विधिक कार्रवाई की जाएगी। शव को मोर्चरी में सुरक्षित रख लिया गया है।
प्रशासन ने इस घटना के बाद आमजन को चेतावनी दी है कि इन दिनों भीषण गर्मी में शराब पीकर बाहर निकलना अत्यंत खतरनाक है। डिहाइड्रेशन और हीट स्ट्रोक का खतरा कई गुना बढ़ जाता है। ऐसे में पर्याप्त पानी पीना, छाया में रहना और शराब से परहेज करना बहुत जरूरी है।




