VaranasiNewsबड़ी ख़बर

वाराणसी के बेनियाबाग में तड़के हत्या से हड़कंप, बेखौफ हमलावर ने ताबड़तोड़ फायरिंग कर उतारा मौत के घाट पुलिस जांच में जुटी

चारपाई पर घर के बाहर बेटे के साथ सो रहा था राजन, हमलावर ने तड़के मारी गोली, आश्चर्य की बात है कि गोली चलने की नहीं लगी किसी को भनक, मौके से दो खोखे बरामद

आरिफ़ अंसारी, वाराणसी
~ वाराणसी के बेनियाबाग में सोते समय व्यक्ति की गोली मारकर हत्या
~ सगाई समारोह में शामिल होने आया था मृतक
~ मृतक राजन की 2 पत्नी है, एक पत्नी नारायणपुर मिर्जापुर में है दूसरी पत्नी बेनिया हरिजन बस्ती में रहती है
~ आगामी 20 तारीख को बेनिया वाली पत्नी के पुत्र की सगाई है, राजन उसी में शामिल होने नारायणपुर से आया था बेनिया
~ आज सुबह अपने पुत्र के साथ चारपाई पर सोया था तभी किसी ने उसकी गोली मारकर हत्या कर दी
~ आश्चर्य की बात है कि बगल में सोये पुत्र को इसका पता ही नही चला, जबकि राजन को लगी कुल 2 गोली

 

 

वाराणसी। चौक थाना क्षेत्र के बेनियाबाग हरिजन बस्ती में रविवार तड़के एक सनसनीखेज वारदात सामने आई, जहां चारपाई पर सो रहे एक व्यक्ति की गोली मारकर हत्या कर दी गई। घटना के बाद पूरे इलाके में हड़कंप मच गया और बड़ी संख्या में स्थानीय लोग मौके पर जुट गए। सूचना मिलते ही पुलिस और आला अधिकारी घटनास्थल पर पहुंच गए तथा मामले की जांच शुरू कर दी।

 

 

मृतक की पहचान राजन के रूप में हुई है। प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, राजन की दो पत्नियां हैं। उसकी एक पत्नी मिर्जापुर जनपद के नारायणपुर क्षेत्र में रहती है, जबकि दूसरी पत्नी वाराणसी के बेनियाबाग हरिजन बस्ती में निवास करती है। बताया जा रहा है कि दूसरी पत्नी के पुत्र की सगाई आगामी 20 जून को प्रस्तावित है। इसी कार्यक्रम में शामिल होने के लिए राजन कुछ दिन पहले नारायणपुर से बेनियाबाग आया था।

 

Varanasi में सूदखोरों का आतंक: प्रताड़ना से तंग ऑटो चालक ने खाया जहर, हालात गंभीर, अस्पताल में भर्ती

 

घटना के समय राजन अपने पुत्र के साथ घर के बाहर चारपाई पर सो रहा था। इसी दौरान अज्ञात हमलावर मौके पर पहुंचा और बेहद करीब से उस पर गोली चला दी। गोली लगते ही राजन की मौके पर ही मौत हो गई। हैरत की बात यह रही कि उसके बगल में सो रहे पुत्र को घटना की जानकारी तक नहीं हो सकी, जबकि बदमाशों ने राजन कुल 2 गोलियां मारी थी।

सुबह घटना की जानकारी होने पर परिजनों में कोहराम मच गया। स्थानीय लोगों ने पुलिस को सूचना दी, जिसके बाद चौक थाना पुलिस मौके पर पहुंची। घटनास्थल की जांच के दौरान पुलिस को दो खोखे भी बरामद हुए हैं, जिन्हें साक्ष्य के रूप में कब्जे में ले लिया गया है।

घटना की गंभीरता को देखते हुए एसीपी डॉ० अतुल अंजान त्रिपाठी, डीसीपी काशी गौरव बंसवाल और एडीसीपी काशी जोन वैभव बांगर भी मौके पर पहुंचे और पुलिस अधिकारियों के साथ घटनास्थल का निरीक्षण किया। फोरेंसिक टीम ने भी मौके से साक्ष्य जुटाए हैं। पुलिस आसपास के लोगों से पूछताछ कर रही है और क्षेत्र में लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगालने का प्रयास किया जा रहा है।

फिलहाल हत्या के पीछे के कारणों का स्पष्ट खुलासा नहीं हो सका है। पुलिस पारिवारिक विवाद, पुरानी रंजिश समेत विभिन्न पहलुओं को ध्यान में रखकर जांच कर रही है। अधिकारियों का कहना है कि जल्द ही मामले का खुलासा कर आरोपियों को गिरफ्तार किया जाएगा।

इस घटना के बाद बेनियाबाग क्षेत्र में दहशत और शोक का माहौल है, जबकि मृतक के परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button