दरोगा जी निकले ‘जेबकतरे’! ट्रक ड्राइवर से उड़ाए 20,000 रुपये, चौराहे पर जनता के सामने हुई जमकर कुटाई।
हमीरपुर में खाकी शर्मसार: वर्दी का रौब दिखाकर सरकारी गाड़ी में बिठाया, फिर टोल प्लाजा पार करते ही साफ कर दी जेब; सरेराह पिटाई का वीडियो वायरल

रिपोर्ट: धनेश्वर शाहनी
हमीरपुर। उत्तर प्रदेश पुलिस अक्सर अपनी अनोखी कार्यशैली और कारनामों के लिए सुर्खियों में रहती है, लेकिन हमीरपुर जिले से जो शर्मनाक नजारा सामने आया है, उसने पूरे महकमे के अनुशासन और साख को कटघरे में खड़ा कर दिया है। यहाँ कानून के एक रखवाले, दरोगा गिरीश मिश्रा पर एक ट्रक ड्राइवर की जेब से बेहद शातिर तरीके से 20,000 रुपये चोरी करने का गंभीर आरोप लगा है। इतना ही नहीं, चोरी पकड़े जाने पर गुस्से से तमतमाए ड्राइवर ने सरेआम चौराहे पर दरोगा जी को घेरकर उनकी जमकर ‘खातिरदारी’ भी कर दी, जिसका वीडियो अब सोशल मीडिया पर आग की तरह वायरल हो रहा है।
सरकारी गाड़ी में ‘अतिथि सत्कार’ और फिर हाथ की सफाई
पूरा मामला किसी फिल्मी स्क्रिप्ट जैसा है। पीड़ित ट्रक ड्राइवर के अनुसार, दरोगा गिरीश मिश्रा ने रास्ते में उसे रोका और वर्दी का धौंस दिखाते हुए उसे जबरन अपनी सरकारी गाड़ी में बिठा लिया। ड्राइवर को लगा कि शायद कोई रूटीन पूछताछ होगी, लेकिन उसे भनक तक नहीं थी कि खाकी के पीछे छिपा असली इरादा उसकी जेब पर डाका डालना था। सुमेरपुर टोल प्लाजा पार करते ही दरोगा जी ने अपनी ‘विशेष कला’ का प्रदर्शन किया और बड़ी सफाई से ड्राइवर की मेहनत की कमाई के 20,000 रुपये उड़ा दिए। काम फतेह होते ही दरोगा जी वहाँ से खिसकने की फिराक में थे।
जब पीड़ित ने उठाया ‘कानून का डंडा’, तो पस्त हुई दरोगा की हेकड़ी
ड्राइवर भी कच्ची गोटियों का खिलाड़ी नहीं था। जैसे ही उसे अपनी जेब हल्की होने का अहसास हुआ, उसने तुरंत भाग रहे दरोगा का पीछा किया और उसे सरेआम रंगे हाथों दबोच लिया। सोशल मीडिया पर वायरल हो रहे वीडियो में साफ देखा जा सकता है कि चौराहे पर लोगों की भारी भीड़ के बीच ड्राइवर दरोगा जी को कॉलर पकड़कर खरी-खोटी सुना रहा है और उन पर थप्पड़ों की बरसात कर रहा है। वीडियो में ड्राइवर की ‘इंसाफ की दहाड़’ साफ गूंज रही है—
“अरे मोबाइल निकाल, पैसा कहाँ रखा है! ये देखो…, मेरा पैसा चोरी किया है… पूरी तरह रंगे हाथ पकड़े हैं इसे!”
बड़ा सवाल: जनता के रक्षक ही जब बन जाएं भक्षक!
चौराहे पर एक सब-इंस्पेक्टर की इस दुर्दशा और हाथ की सफाई को देखकर आम जनता में भारी आक्रोश है। जो पुलिस अधिकारी कानून व्यवस्था बनाए रखने और अपराधियों को पकड़ने के लिए जिम्मेदार है, अगर वही सरेराह आम आदमी की जेब काटने लगे, तो जनता सुरक्षा की गुहार लेकर किसके पास जाएगी? यह शर्मनाक घटना न केवल एक व्यक्ति का भ्रष्टाचार है, बल्कि यह उन तमाम ईमानदार और दिन-रात ड्यूटी करने वाले पुलिसकर्मियों के चेहरे पर भी कालिख पोतने जैसा है जो विभाग की साख बचाए हुए हैं।
इस घटना के बाद अब हमीरपुर पुलिस महकमे में हड़कंप मचा हुआ है। अब देखना यह है कि क्या दरोगा जी पर केवल कागजी या विभागीय कार्रवाई करके मामले को रफा-दफा कर दिया जाएगा, या फिर उन पर कानून की वो सख्त धाराएं भी लगेंगी जो एक आम चोर या पॉकेटमार पर लगाई जाती हैं। जनता अब सोशल मीडिया पर इस भ्रष्ट अधिकारी को तत्काल बर्खास्त करने की मांग उठा रही है।




