Ghazipur

गौशालाओं की व्यवस्थाएं होंगी हाईटेक, एसडीएम ज्योति चौरसिया ने दिए सख्त निर्देश; छोटे-बड़े गोवंश के लिए बनेंगे अलग टीनशेड

समीक्षा बैठक में हरे चारे, पशु आहार, स्वच्छ पेयजल, CCTV, Wi-Fi और नियमित पशु चिकित्सा व्यवस्था सुनिश्चित करने के दिए निर्देश।

 रिपोर्ट: आकाश पाण्डेय

 

 

सैदपुर, गाजीपुर। सैदपुर तहसील सभागार में गुरुवार को उपजिलाधिकारी (एसडीएम) ज्योति चौरसिया की अध्यक्षता में गौशालाओं के बेहतर संचालन, गोवंश संरक्षण और मूलभूत सुविधाओं की समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक में सैदपुर, देवकली और सादात ब्लॉक की गौशालाओं की व्यवस्थाओं की विस्तृत समीक्षा करते हुए अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए।

एसडीएम ने स्पष्ट कहा कि गौशालाओं में किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। जिन गौशालाओं में पर्याप्त भूमि उपलब्ध है, वहां प्राथमिकता के आधार पर टीनशेड का विस्तार कराया जाए, ताकि बारिश और गर्मी के मौसम में गोवंश को सुरक्षित रखा जा सके। उन्होंने छोटे बछड़ों और बड़े गोवंश के लिए अलग-अलग टीनशेड बनाने के निर्देश भी दिए। उनका कहना था कि बड़े पशु कई बार छोटे गोवंश को पर्याप्त चारा नहीं खाने देते, जिससे उनके स्वास्थ्य पर प्रतिकूल प्रभाव पड़ता है।

बैठक में हरे चारे की उपलब्धता पर भी विशेष चर्चा हुई। एसडीएम ने निर्देश दिया कि जिन गांवों में भूमि की कमी है, वहां लेखपालों के माध्यम से सरकारी अथवा उपलब्ध भूमि चिन्हित कर हरे चारे का उत्पादन कराया जाए। यदि कोई किसान या व्यक्ति गौशालाओं को हरा चारा उपलब्ध कराना चाहता है तो उससे ₹3 प्रति किलोग्राम की निर्धारित दर पर लिखित अनुबंध कर नियमानुसार भुगतान सुनिश्चित किया जाएगा।

उन्होंने सभी गौशालाओं में पर्याप्त पशु आहार, स्वच्छ पेयजल, पानी की टंकियों की नियमित सफाई तथा क्लोरीन जैसी आवश्यक सामग्री उपलब्ध कराने के निर्देश दिए। इसके साथ ही बिजली, प्रकाश व्यवस्था, सीसीटीवी कैमरे और वाई-फाई जैसी आधुनिक सुविधाएं भी सुनिश्चित करने पर जोर दिया, ताकि गोवंश की बेहतर निगरानी हो सके।

एसडीएम ज्योति चौरसिया ने पशु चिकित्सकों को नियमित निरीक्षण कर बीमार गोवंश का समय पर उपचार करने और स्वास्थ्य संबंधी रिपोर्ट प्रस्तुत करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि शासन की मंशा के अनुरूप सभी विभाग आपसी समन्वय से कार्य करें और गौशालाओं को व्यवस्थित, सुरक्षित एवं सुविधायुक्त बनाया जाए। बैठक में संबंधित ब्लॉकों के बीडीओ, गौशालाओं के प्रभारी पशु चिकित्सक, सैदपुर ब्लॉक से भूपेंद्र सिंह सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी मौजूद रहे।

 

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button