गाजीपुर में पुलिस मुठभेड़: बदमाश के पैर में गोली लगने के बाद गिरफ्तार, तमंचा और बाइक बरामद
कासिमाबाद और नोनहरा पुलिस की संयुक्त कार्रवाई, पुलिस पर फायरिंग का आरोप; जवाबी कार्रवाई में घायल हुआ आरोपी इमरान उर्फ़ भोंदू

आकाश पाण्डेय, गाज़ीपुर
गाजीपुर। जनपद में अपराध एवं अपराधियों के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत कासिमाबाद और नोनहरा थाना पुलिस की संयुक्त टीम ने सोमवार को एक मुठभेड़ के दौरान कुख्यात एवं शातिर अपराधी इमरान उर्फ भोंदू को घायल अवस्था में गिरफ्तार कर लिया। पुलिस के अनुसार, आरोपी के कब्जे से एक 315 बोर का तमंचा, एक जिंदा कारतूस तथा बिना नंबर की सुपर स्प्लेंडर मोटरसाइकिल बरामद की गई है।
पुलिस के मुताबिक, 28 जुलाई 2026 को कासिमाबाद थाना प्रभारी निरीक्षक राजेश त्रिपाठी अपनी टीम के साथ बेद बिहारी पोखरा के पास संदिग्ध वाहनों की चेकिंग कर रहे थे। इसी दौरान एक संदिग्ध युवक मोटरसाइकिल से आता दिखाई दिया। पुलिस ने उसे रोकने का प्रयास किया, लेकिन वह पुलिस को देखकर बाइक मोड़कर अटवा मोड़ की ओर भागने लगा।
घटना की सूचना तत्काल थाना नोनहरा प्रभारी विवेक कुमार तिवारी को दी गई, जो अपनी टीम के साथ महेशपुर कला क्षेत्र में मौजूद थे। दोनों थानों की पुलिस ने घेराबंदी की तो आरोपी कागजीपुर की ओर भागने लगा। पुलिस के अनुसार, सड़क पर तीव्र मोड़ होने के कारण उसकी मोटरसाइकिल अनियंत्रित होकर गिर गई।
पुलिस का कहना है कि खुद को घिरा देख आरोपी ने जान से मारने की नीयत से पुलिस टीम पर तमंचे से फायरिंग कर दी। इसके बाद आत्मरक्षा में पुलिस ने जवाबी फायरिंग की, जिसमें आरोपी के बाएं पैर के घुटने के नीचे गोली लग गई। घायल आरोपी को मौके पर गिरफ्तार कर लिया गया और प्राथमिक उपचार के लिए सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (सीएचसी) कासिमाबाद भेजा गया।
पूछताछ में आरोपी ने अपना नाम इमरान उर्फ भोंदू पुत्र इरसाद, निवासी भटोली, थाना नोनहरा, जनपद गाजीपुर, उम्र 22 वर्ष बताया।
गिरफ्तारी और बरामदगी के आधार पर थाना कासिमाबाद में मु0अ0सं0 295/2026 के तहत धारा 109(1) बीएनएस तथा 3/25/27 आर्म्स एक्ट में मुकदमा दर्ज किया गया है। पुलिस ने बताया कि आरोपी के खिलाफ गाजीपुर और बलिया जनपद के विभिन्न थानों में गोवध निवारण अधिनियम, आर्म्स एक्ट, आबकारी अधिनियम, एससी/एसटी एक्ट सहित मारपीट और धमकी जैसे मामलों के कुल आठ आपराधिक मुकदमे पहले से दर्ज हैं।
पुलिस का कहना है कि आरोपी के आपराधिक नेटवर्क और अन्य गतिविधियों के संबंध में आगे की जांच की जा रही है तथा आवश्यक वैधानिक कार्रवाई जारी है।




