भेलूपुर पुलिस ने 21 लाख की साइबर धोखाधड़ी का किया खुलासा, दो आरोपी गिरफ्तार; नकदी और सिम कार्ड बरामद
पीड़िता के बैंक खाते से उड़ाए थे 21 लाख रुपये, पुलिस ने शंकुलधारा क्षेत्र से दबोचे दोनों आरोपी; विवेचना में जुटी टीम

ख़बर भारत डेस्क
वाराणसी। पुलिस आयुक्त वाराणसी के निर्देश पर अपराधियों की गिरफ्तारी और अपराध नियंत्रण के लिए चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत थाना भेलूपुर पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। पुलिस उपायुक्त काशी जोन के निर्देशन, अपर पुलिस उपायुक्त काशी जोन के पर्यवेक्षण तथा सहायक पुलिस आयुक्त भेलूपुर एवं प्रभारी निरीक्षक के नेतृत्व में पुलिस टीम ने 21 लाख रुपये की धोखाधड़ी के मामले का खुलासा करते हुए दो अभियुक्तों को गिरफ्तार किया है। आरोपियों के कब्जे से एयरटेल कंपनी का एक सिम कार्ड और ₹15,000 नकद बरामद किए गए हैं।
पुलिस के अनुसार, थाना भेलूपुर में दर्ज मु0अ0सं0 0412/2026 के तहत भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 318(4), 303(2) एवं 317(2) में दर्ज मामले की विवेचना के दौरान महत्वपूर्ण साक्ष्य मिले। इसके आधार पर पुलिस ने 1 अगस्त 2026 को शंकुलधारा पोखरे के पीछे स्थित मैदान के पास से दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया। गिरफ्तार आरोपियों के विरुद्ध आवश्यक विधिक कार्रवाई की जा रही है।
बैंक खाते से निकाले गए थे 21 लाख रुपये
मामले के अनुसार, पीड़िता के सेंट्रल बैंक ऑफ इंडिया, जवाहर नगर शाखा, भेलूपुर स्थित बैंक खाते से अज्ञात व्यक्तियों ने धोखे से 21 लाख रुपये निकाल लिए थे। पीड़िता की शिकायत पर भेलूपुर थाने में मुकदमा दर्ज कर पुलिस ने जांच शुरू की। तकनीकी साक्ष्यों और अन्य सुरागों के आधार पर पुलिस ने दोनों आरोपियों तक पहुंचकर उन्हें गिरफ्तार कर लिया।
गिरफ्तार आरोपी
- बाबू पाण्डेय पुत्र राजू पाण्डेय, निवासी घसियारी टोला, दुर्गाकुंड, थाना भेलूपुर, वाराणसी।
- मुकेश कुमार गुप्ता पुत्र शीतला प्रसाद गुप्ता, निवासी ककरमत्ता साउथ, थाना मडुवाडीह, वाराणसी।
पुलिस का कहना है कि मामले की विवेचना अभी जारी है। यह पता लगाया जा रहा है कि धोखाधड़ी में और कौन-कौन लोग शामिल थे तथा ठगी की रकम का इस्तेमाल कहां किया गया। पुलिस अन्य संभावित आरोपियों की तलाश में भी जुटी हुई है।




