Varanasi

आग से जंग के लिए तैयार हो रही वाराणसी पुलिस, सिगरा थाने में जवानों को दिया गया फायर सेफ्टी प्रशिक्षण

फायर ब्रिगेड पहुंचने से पहले आग पर काबू पाने की तैयारी, सिलेंडर फायर से लेकर फायर एक्सटिंग्विशर के इस्तेमाल तक कराया गया अभ्यास

ख़बर भारत, डेस्क

 

वाराणसी। आगजनी और आपदा जैसी आपात परिस्थितियों में पुलिसकर्मियों की त्वरित प्रतिक्रिया को मजबूत करने के लिए वाराणसी कमिश्नरेट में विशेष प्रशिक्षण अभियान चलाया जा रहा है। इसी क्रम में सिगरा थाने में चेतगंज फायर स्टेशन की टीम ने पुलिस अधिकारियों और कर्मचारियों को अग्निसुरक्षा एवं आपदा प्रबंधन का व्यावहारिक प्रशिक्षण दिया। यह प्रशिक्षण एडिशनल पुलिस कमिश्नर (कानून एवं व्यवस्था) शिवहरी मीणा के निर्देश पर आयोजित किया गया।

मौके पर पहुंचकर पुलिसकर्मियों को कराया गया प्रैक्टिकल

सब-इंस्पेक्टर ऋषभ दुबे के नेतृत्व में पहुंची फायर टीम ने पुलिसकर्मियों को आग लगने की स्थिति में शुरुआती स्तर पर उठाए जाने वाले सुरक्षा कदमों की जानकारी दी। प्रशिक्षण के दौरान पुलिसकर्मियों को सिर्फ सैद्धांतिक जानकारी ही नहीं दी गई, बल्कि फायर एक्सटिंग्विशर का सही तरीके से संचालन कर आग बुझाने का व्यावहारिक अभ्यास भी कराया गया।

सिलेंडर में आग लगे तो कैसे करें बचाव?

प्रशिक्षण में घरेलू आग, गैस सिलेंडर में आग लगने जैसी घटनाओं के दौरान बरती जाने वाली सावधानियों के बारे में विस्तार से बताया गया। पुलिसकर्मियों को समझाया गया कि ऐसी परिस्थितियों में घबराने के बजाय सुरक्षित तरीके से तत्काल कदम उठाना बेहद जरूरी है।

इसके साथ ही आग की शुरुआती स्थिति में किस प्रकार के अग्निशामक यंत्र का इस्तेमाल किया जाए और मौके पर मौजूद लोगों को सुरक्षित कैसे बाहर निकाला जाए, इसकी जानकारी भी दी गई।

फायर ब्रिगेड से पहले पुलिस पहुंचती है, इसलिए जरूरी है प्रशिक्षण

सब-इंस्पेक्टर ऋषभ दुबे ने बताया कि आग लगने की कई घटनाओं में फायर ब्रिगेड के पहुंचने से पहले सिविल पुलिस की टीम मौके पर पहुंच जाती है। ऐसे में पुलिसकर्मियों को शुरुआती आग पर सुरक्षित तरीके से नियंत्रण पाने और लोगों की जान-माल की सुरक्षा के लिए तत्काल प्रतिक्रिया देने में सक्षम होना जरूरी है।

उन्होंने बताया कि इसी उद्देश्य से वाराणसी कमिश्नरेट के अलग-अलग थानों में यह प्रशिक्षण अभियान चलाया जा रहा है।

अलग-अलग थानों में आगे भी जारी रहेगा अभियान

अग्निसुरक्षा प्रशिक्षण अभियान आगे भी वाराणसी के विभिन्न थानों में प्रतिदिन जारी रहेगा। इसका उद्देश्य पुलिसकर्मियों को अग्निकांड, गैस सिलेंडर में आग और अन्य आपात परिस्थितियों में त्वरित एवं प्रभावी कार्रवाई के लिए तैयार करना है।

इस प्रशिक्षण के जरिए पुलिसकर्मियों को आग लगने की स्थिति में शुरुआती सुरक्षा उपाय, फायर एक्सटिंग्विशर का संचालन और फायर ब्रिगेड के पहुंचने तक सुरक्षित रिस्पॉन्स देने की क्षमता विकसित करने पर जोर दिया जा रहा है।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button