वाराणसी में 27 किलो चांदी लूटकांड का खुलासा, मुठभेड़ के बाद दो अंतरराज्यीय बदमाश गिरफ्तार; 4 किलो चांदी, हथियार और नकदी बरामद
आरिफ़ अंसारी, वाराणसी

वाराणसी। कमिश्नरेट वाराणसी पुलिस ने करीब ढाई सप्ताह पहले चौक थाना क्षेत्र में हुई करोड़ों रुपये मूल्य की 27 किलो चांदी लूटकांड का खुलासा करते हुए अंतरराज्यीय लुटेरा गिरोह के दो शातिर बदमाशों को मुठभेड़ के बाद गिरफ्तार कर लिया। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से लूटी गई 4 किलोग्राम चांदी की चार बटिया, 15,020 रुपये नकद, दो अवैध .315 बोर तमंचे, चार जिंदा कारतूस तथा तीन खोखा कारतूस बरामद किए हैं। दोनों आरोपी पुलिस मुठभेड़ में घायल होने के बाद बीएचयू ट्रॉमा सेंटर में भर्ती कराए गए हैं। पुलिस के अनुसार दोनों आरोपी मध्य प्रदेश के रहने वाले हैं और उनके खिलाफ उत्तर प्रदेश, राजस्थान तथा दिल्ली में भी कई आपराधिक मुकदमे दर्ज हैं।
वाराणसी में पुलिस-बदमाशों में मुठभेड़: 2 बदमाशों के पैरों में गोली, SOG प्रभारी गौरव सिंह भी घायल
पुलिस आयुक्त के निर्देश पर अपराध एवं अपराधियों के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत पुलिस उपायुक्त काशी, अपर पुलिस उपायुक्त काशी तथा सहायक पुलिस आयुक्त दशाश्वमेध के निर्देशन में चौक थाना की टीम ने एसओजी और लंका थाना पुलिस के साथ संयुक्त कार्रवाई करते हुए 4 अगस्त 2026 की रात करीब 12:40 बजे लौटूबीर पुलिया के आगे सर्विस रोड से बजबजा प्लांट जाने वाले मार्ग पर दोनों बदमाशों को घेर लिया। पुलिस के अनुसार खुद को घिरता देख आरोपियों ने भागने का प्रयास किया और मुठभेड़ के दौरान घायल होने के बाद उन्हें गिरफ्तार कर लिया गया। गिरफ्तार आरोपियों की पहचान 55 वर्षीय मोहम्मद अली उर्फ शाबिर हसन तथा 40 वर्षीय माशाअल्लाह के रूप में हुई है, जो मध्य प्रदेश के निवासी हैं।
पुलिस के अनुसार यह कार्रवाई चौक थाना में दर्ज मुकदमा संख्या 125/2026 के संबंध में की गई। 17 जुलाई 2026 को हेमा ज्वेलर्स, सुड़िया के मालिक ने शिकायत दर्ज कराई थी कि उनके कर्मचारी लगभग 27 किलो 327 ग्राम चांदी की 26 बटिया लेकर महालक्ष्मी ज्वेलर्स, रेशम कटरा जा रहे थे। इसी दौरान गोविंदपुरा मोड़ के पास अज्ञात बदमाशों ने कर्मचारियों को निशाना बनाते हुए पूरी खेप लूट ली और फरार हो गए। घटना के बाद चौक थाना में भारतीय न्याय संहिता की विभिन्न धाराओं में मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू की गई थी।
जांच के दौरान पुलिस ने घटनास्थल और आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज का गहन विश्लेषण किया तथा मुखबिरों से मिली सूचना के आधार पर आरोपियों की पहचान की। इसके बाद चौक थाना पुलिस ने एसओजी और लंका थाना पुलिस के साथ समन्वय स्थापित कर बदमाशों का पीछा किया और आखिरकार उन्हें मुठभेड़ के बाद दबोच लिया। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से लूट की गई चार किलो चांदी की चार बटिया, 15,020 रुपये नकद, दो अवैध .315 बोर तमंचे, चार जिंदा कारतूस और तीन खोखा कारतूस बरामद किए हैं। पुलिस का कहना है कि बरामद हथियारों का उपयोग लूट और मुठभेड़ दोनों घटनाओं में किया गया।
पुलिस जांच में सामने आया है कि मुख्य आरोपी मोहम्मद अली उर्फ शाबिर हसन एक शातिर अंतरराज्यीय अपराधी है, जिसके खिलाफ वाराणसी के अलावा राजस्थान के जयपुर तथा दिल्ली के करोल बाग, प्रसाद नगर सहित कई थानों में धोखाधड़ी, चोरी, लूट, आपराधिक षड्यंत्र और अन्य गंभीर धाराओं में अनेक मुकदमे दर्ज हैं। वहीं दूसरे आरोपी माशाअल्लाह के खिलाफ भी वाराणसी में लूट और आर्म्स एक्ट के मामले दर्ज हैं। पुलिस दोनों आरोपियों से पूछताछ कर गिरोह के अन्य सदस्यों और लूटी गई शेष चांदी की बरामदगी के संबंध में जानकारी जुटा रही है।
इस संयुक्त कार्रवाई में चौक थाना प्रभारी निरीक्षक दिलीप कुमार मिश्रा, एसओजी प्रभारी गौरव कुमार सिंह, लंका थाना प्रभारी राजकुमार सहित चौक थाना, एसओजी और लंका थाना की संयुक्त पुलिस टीम शामिल रही। पुलिस का कहना है कि मामले में आगे की वैधानिक कार्रवाई की जा रही है तथा गिरोह के अन्य सदस्यों की तलाश भी जारी है।




