स्वतंत्रता दिवस पर पुलिस कमिश्नर ने दी शुभकामनाएं, कहा- अब थाने नहीं, चौराहे पर मिलेगी पुलिस की मदद! चौराहों पर 100 फैंटम बाइक होंगी तैनात
पुलिस कमिश्नर मोहित अग्रवाल ने हरी झंडी दिखाकर रैली को किया रवाना, प्रमुख चौराहों और संवेदनशील स्थानों पर तैनात होंगी करीब 100 फैंटम बाइक

विशाल कन्नोजिया, संवाददाता
~ तिरंगा यात्रा से सुरक्षा अभियान तक, वाराणसी पुलिस ने स्वतंत्रता दिवस पर दिखाया नया तेवर
~ काशी की सड़कों पर तिरंगा और खाकी का संगम, पुलिस कमिश्नर ने रवाना की बाइक रैली
~ 100 फैंटम बाइक से मजबूत होगी पुलिस की निगरानी
~ काशी में सुरक्षा का नया मॉडल, हर प्रमुख चौराहे पर तैनात होंगे दो पुलिसकर्मी
वाराणसी। स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर वाराणसी पुलिस लाइन में देशभक्ति, अनुशासन और सुरक्षा का संदेश देखने को मिला। पुलिस के जवानों ने मोटरसाइकिलों के जरिए तिरंगा यात्रा निकालकर शहरवासियों के बीच सुरक्षा और विश्वास का संदेश दिया। पुलिस आयुक्त मोहित अग्रवाल ने हरी झंडी दिखाकर तिरंगा बाइक रैली को रवाना किया। इस दौरान बड़ी संख्या में पुलिसकर्मी तिरंगा लेकर मोटरसाइकिलों पर शहर के विभिन्न मार्गों से गुजरे।
पुलिस आयुक्त मोहित अग्रवाल ने इस अवसर पर सभी काशीवासियों और जनपदवासियों को स्वतंत्रता दिवस की हार्दिक शुभकामनाएं दीं। उन्होंने कहा कि स्वतंत्रता दिवस देश के लिए गौरव और बलिदान का पर्व है और पुलिस का दायित्व है कि नागरिकों की सुरक्षा के साथ-साथ उनके बीच विश्वास की भावना को भी मजबूत किया जाए।
उत्कृष्ट कार्य करने वाले पुलिसकर्मी हुए सम्मानित
स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर पुलिस लाइन में आयोजित भव्य कार्यक्रम में पिछले वर्ष उत्कृष्ट कार्य करने वाले पुलिसकर्मियों को सम्मानित भी किया गया। पुलिस आयुक्त ने पुलिसकर्मियों के समर्पण, कर्तव्यनिष्ठा और बेहतर कार्य की सराहना करते हुए उन्हें भविष्य में भी इसी तरह जिम्मेदारी के साथ कार्य करने के लिए प्रेरित किया।
प्रमुख चौराहों पर तैनात होंगी करीब 100 फैंटम बाइक
पुलिस आयुक्त ने बताया कि वाराणसी में पुलिस की करीब 100 फैंटम मोटरसाइकिलों को नए स्वरूप में तैयार कर प्रमुख चौराहों और संवेदनशील स्थानों पर तैनात किया जाएगा। इन मोटरसाइकिलों पर पुलिस का रंग, मोबाइल नंबर और मोटरसाइकिल संख्या स्पष्ट रूप से अंकित होगी। इसका उद्देश्य यह है कि शहर के प्रमुख स्थानों पर आम लोगों को पुलिस की मौजूदगी साफ तौर पर दिखाई दे।
हर प्रमुख चौराहे पर दो पुलिसकर्मियों की तैनाती की जाएगी। इससे किसी नागरिक को किसी समस्या के लिए हर बार चौकी या थाने जाने की आवश्यकता नहीं होगी। चौराहे पर मौजूद पुलिसकर्मी तत्काल लोगों की शिकायत सुनेंगे और जरूरत के अनुसार मौके पर ही सहायता उपलब्ध कराने का प्रयास करेंगे।
महिला विद्यालयों और संवेदनशील क्षेत्रों में भी रहेगी नजर
फैंटम बाइक की तैनाती केवल प्रमुख चौराहों तक सीमित नहीं रहेगी। महत्वपूर्ण स्थानों, भीड़भाड़ वाले क्षेत्रों, संकरी गलियों, आपराधिक घटनाओं की आशंका वाले इलाकों और महिला विद्यालयों के आसपास भी इनकी तैनाती की जाएगी। इससे पुलिस की पहुंच और निगरानी को और मजबूत करने में मदद मिलेगी।
दो घंटे बाद बदलेगी पुलिसकर्मियों की बीट
पुलिस की सक्रिय मौजूदगी बनाए रखने के लिए फैंटम बाइक की तैनाती में रोटेशन व्यवस्था लागू की जाएगी। पुलिसकर्मी करीब दो घंटे तक एक स्थान पर तैनात रहेंगे, इसके बाद उनकी बीट बदल दी जाएगी। इसके लिए पहले से निर्धारित रूट तैयार किया गया है।
पुलिस अधिकारियों के मुताबिक इस व्यवस्था का उद्देश्य केवल अपराध नियंत्रण करना नहीं, बल्कि आम जनता को यह भरोसा दिलाना भी है कि जरूरत के समय पुलिस उनके आसपास मौजूद है। चौराहों और संवेदनशील स्थानों पर पुलिस की दृश्यता बढ़ने से अपराध की रोकथाम के साथ-साथ लोगों में सुरक्षा की भावना भी मजबूत होने की उम्मीद है।
स्वतंत्रता दिवस पर निकाली गई तिरंगा बाइक रैली और फैंटम बाइक की नई व्यवस्था को वाराणसी पुलिस की ओर से सुरक्षा, जनसहयोग और त्वरित पुलिस सहायता को मजबूत करने की पहल के तौर पर देखा जा रहा है।




