‘स्मार्ट सिटी’ के दावों की खुली पोल! ताज होटल के पास सड़क किनारे कूड़े का अंबार
नदेसर में ड्रेनेज की सफाई के बाद सड़क पर छोड़ा गया कचरा, बारिश में फिर नालियों में जाने से जलभराव का बढ़ा खतरा

अखिल श्रीवास्तव, संवाददाता, वाराणसी
.
.
.
वाराणसी। प्रधानमंत्री के संसदीय क्षेत्र वाराणसी को स्मार्ट सिटी बनाने के दावे लगातार किए जाते हैं। नगर निगम और स्मार्ट सिटी परियोजना की ओर से शहर में स्वच्छता और बेहतर व्यवस्थाओं को लेकर समय-समय पर अभियान भी चलाए जाते हैं। लेकिन जमीनी हकीकत इन दावों पर सवाल खड़े करती नजर आ रही है। नदेसर स्थित ताज होटल के बगल में सड़क किनारे कूड़े का ढेर लगा हुआ है, जिससे स्थानीय लोगों और राहगीरों को परेशानी का सामना करना पड़ रहा है।
स्थानीय लोगों के अनुसार, यह कचरा ड्रेनेज सिस्टम की सफाई के दौरान नालियों से निकालकर सड़क किनारे छोड़ दिया गया है। बारिश के इस मौसम के बीच यह कचरा दोबारा नालियों में बहकर चला जाएगा, जिससे ड्रेनेज सिस्टम जाम होने और जलभराव की समस्या उत्पन्न होने की आशंका बनी रहती है। लोगों का कहना है कि यदि समय रहते इस कूड़े का उचित निस्तारण नहीं किया गया तो बारिश के दौरान हालात और खराब हो सकते हैं।
स्थानीय नागरिकों का आरोप है कि एक ओर नगर निगम स्वच्छता के बड़े-बड़े दावे करता है, वहीं दूसरी ओर शहर के प्रमुख मार्गों पर इस तरह की तस्वीरें व्यवस्थाओं की वास्तविक स्थिति बयां कर रही हैं। लोगों ने नगर निगम और संबंधित अधिकारियों से सड़क किनारे पड़े कूड़े को तत्काल हटाने तथा ड्रेनेज की सफाई के बाद कचरे के वैज्ञानिक निस्तारण की मांग की है, ताकि जलभराव और गंदगी की समस्या से राहत मिल सके।




