Chandauli: मुगलसराय में कंप्यूटर की दुकान में चोरी, सात लैपटॉप समेत सामान ले उड़े चोर
दुकान खोलने पर बिखरा मिला सामान, करीब सवा लाख रुपये की चोरी; CCTV फुटेज खंगाल रही पुलिस

रंधा सिंह, संवाददाता, चन्दौली
मुगलसराय में कंप्यूटर की दुकान में चोरी, सात लैपटॉप समेत सामान ले उड़े चोर, दुकान खोलने पर बिखरा मिला सामान, करीब सवा लाख रुपये की चोरी
चंदौली। मुगलसराय थाना क्षेत्र के मैनाताली स्थित एक कंप्यूटर की दुकान में चोरी का मामला सामने आया है। चोर दुकान से सात लैपटॉप समेत कंप्यूटर से संबंधित अन्य सामान लेकर फरार हो गए। घटना की जानकारी होने पर दुकान संचालक ने तत्काल पुलिस को सूचना दी। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और जांच-पड़ताल शुरू कर दी।
दुकान खोलने पर बिखरा मिला सामान
दुकान संचालक चंद्रकांत शर्मा ने बताया कि मैनाताली में उनकी SK Infotech नाम से कंप्यूटर की दुकान है। सुबह जब उन्होंने दुकान खोली तो अंदर सामान बिखरा पड़ा था। जांच करने पर दुकान में रखे उनके पांच लैपटॉप गायब मिले।
इसके अलावा ग्राहकों के दो लैपटॉप भी दुकान से गायब थे। इस तरह चोर कुल सात लैपटॉप अपने साथ ले गए।
बैटरियां और अन्य सामान भी चोरी
दुकान संचालक के मुताबिक लैपटॉप के अलावा उनकी बैटरियां और कंप्यूटर से संबंधित कुछ अन्य सामान भी चोरी हुआ है। उन्होंने चोरी गए सामान की कुल कीमत करीब सवा लाख रुपये बताई है।
चोरी की जानकारी मिलते ही दुकान संचालक ने तत्काल डायल 112 पर पुलिस को सूचना दी। इसके बाद पुलिस टीम मौके पर पहुंची और दुकान का निरीक्षण कर घटना से संबंधित जानकारी जुटाई।
CCTV फुटेज खंगाल रही पुलिस
पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है। आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है, ताकि चोरों की पहचान की जा सके। पुलिस घटना से जुड़े अन्य बिंदुओं की भी जांच कर रही है।
दुकान में हुई चोरी की घटना के बाद आसपास के दुकानदारों में भी भय का माहौल है। दुकानदार ने पुलिस से जल्द से जल्द चोरी का खुलासा करने, चोरी गया सामान बरामद करने और आरोपियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई करने की मांग की है।
फिलहाल पुलिस मामले की जांच में जुटी हुई है और सीसीटीवी फुटेज समेत अन्य साक्ष्यों के आधार पर चोरों तक पहुंचने का प्रयास किया जा रहा है।




