अलीनगर में जलभराव को लेकर फूटा लोगों का गुस्सा, सड़क पर उतरे लोग; मौके पर पहुंचे जिलाधिकारी ने दिया स्थायी समाधान का आश्वासन
छात्र नेता अंकित यादव के नेतृत्व में हुआ प्रदर्शन, ईओ और चेयरमैन प्रतिनिधि ने लिया जायजा; डीएम ने स्थायी समाधान के लिए नाला-पुलिया निर्माण के दिए निर्देश

रंधा सिंह, चंदौली
चंदौली। पंडित दीनदयाल उपाध्याय नगर (मुगलसराय) नगर पालिका क्षेत्र के अलीनगर वार्ड नंबर-9 में लंबे समय से बनी जलजमाव की समस्या को लेकर शनिवार को लोगों का आक्रोश सामने आया। छात्र नेता अंकित यादव के नेतृत्व में स्थानीय लोगों ने विरोध प्रदर्शन किया। प्रदर्शन में बड़ी संख्या में महिलाएं भी शामिल रहीं। लोगों का कहना है कि जलभराव के कारण नाली और शौचालय का गंदा पानी घरों तक पहुंच रहा है, जिससे रोजमर्रा की जिंदगी प्रभावित हो रही है और बीमारी व कीड़े-मकौड़ों का खतरा भी बढ़ गया है।
प्रदर्शन की सूचना पर मौके पर पहुंचे नगरपालिका अधिकारी
विरोध प्रदर्शन की जानकारी मिलते ही नगर पालिका के अधिशासी अधिकारी धर्मराज सिंह और चेयरमैन प्रतिनिधि शमशाद मौके पर पहुंचे। अधिकारियों ने जलभराव से प्रभावित बस्ती का स्थलीय निरीक्षण किया और पानी निकासी के लिए लगाए गए पंपों की स्थिति भी देखी। स्थानीय लोगों से बातचीत कर उनकी समस्याएं सुनी गईं और जल्द राहत दिलाने की बात कही गई।
मौके पर पहुंचे जिलाधिकारी, लिया जलभराव का जायजा
मामले की गंभीरता को देखते हुए जिलाधिकारी चंद्र मोहन गर्ग भी जलभराव प्रभावित क्षेत्र में पहुंचे। उन्होंने मौके पर पहुंचकर स्थिति का निरीक्षण किया। डीएम ने बताया कि अलीनगर का यह इलाका निचला क्षेत्र है, जिसके चलते बारिश के दौरान यहां पानी जमा होने की समस्या उत्पन्न होती है।
उन्होंने बताया कि फिलहाल पंपों के जरिए जलनिकासी का काम कराया जा रहा है। वहीं, समस्या के स्थायी समाधान के लिए मुख्य सड़क के किनारे नाला निर्माण और पुलिया बनवाने के निर्देश दिए गए हैं।
एल-शेप नाले को सीधा कराने के निर्देश
जिलाधिकारी ने जलनिकासी व्यवस्था को बेहतर बनाने के लिए एल-शेप में बने नाले को सीधा कराने की बात कही। अधिकारियों का मानना है कि नाले का रास्ता सीधा होने से पानी के बहाव में तेजी आएगी और जलभराव की समस्या को कम करने में मदद मिलेगी।
एक सप्ताह में समाधान नहीं तो फिर आंदोलन की चेतावनी
छात्र नेता अंकित यादव ने कहा कि जलभराव के कारण बस्ती के लोगों को काफी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। उन्होंने बताया कि नगरपालिका के ईओ स्वयं पानी में उतरकर प्रभावित इलाके का निरीक्षण करने पहुंचे, जबकि डीएम ने भी मौके पर आकर समस्या का जल्द समाधान कराने का आश्वासन दिया है।
अंकित यादव ने चेतावनी दी कि “यदि एक सप्ताह के भीतर जलभराव की समस्या का समाधान नहीं हुआ तो दोबारा आंदोलन किया जाएगा और नगरपालिका कार्यालय का घेराव किया जाएगा।”
बच्चों की पढ़ाई से लेकर घरों तक प्रभावित जनजीवन
स्थानीय लोगों के मुताबिक, जलभराव के कारण कई घरों में नाली और शौचालय का गंदा पानी घुस गया है। बच्चों के लिए घर से बाहर निकलना मुश्किल हो गया है। लगातार पानी जमा रहने से मच्छर और अन्य कीड़े-मकौड़ों का प्रकोप बढ़ने के साथ बीमारियों का खतरा भी बना हुआ है।
जलनिकासी के लिए कई पंप लगाए गए
चेयरमैन प्रतिनिधि शमशाद ने बताया कि जलनिकासी के लिए 20 एचपी का एक पंप, 3-3 एचपी के पांच पंप और एक ट्रैक्टर-माउंटेड पंप लगाया गया है। उनका कहना है कि अगर बारिश नहीं हुई तो पंपों की मदद से जल्द ही जमा पानी निकाल दिया जाएगा।
उन्होंने बताया कि पीडब्ल्यूडी का नाला पूरा होने के बाद इस क्षेत्र की जलभराव की समस्या के स्थायी समाधान की उम्मीद है। फिलहाल प्रशासन और नगर पालिका की ओर से जलनिकासी का काम जारी है, जबकि स्थानीय लोग स्थायी समाधान का इंतजार कर रहे हैं।




